Longest Speech From Red Fort: एक बार फिर पीएम मोदी ने खुद के द्वारा बनाए रिकॉर्ड को ही तोड़ दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त, 2024 (बृहस्पतिवार) को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से 98 मिनट तक देश को संबोधित किया। इस प्रतिष्ठित स्मारक से मोदी का यह अब तक का सबसे लंबा संबोधन रहा। स्वतंत्रता दिवस पर मोदी के संबोधन अन्य प्रधानमंत्रियों के संबोधनों की तुलना में लंबे रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थापित किया नया रिकॉर्ड।
पीएम मोदी ने 2016 में स्थापित किया था कीर्तिमान
आज से पहले स्वतंत्रता दिवस समारोह में उनका सबसे लंबा संबोधन 2016 में 96 मिनट का था, जबकि उनका सबसे छोटा संबोधन 2017 में था जब वह लगभग 56 मिनट बोले थे। 78वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री ने लगातार 11वीं बार लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। अपने तीसरे कार्यकाल के पहले संबोधन में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पीछे छोड़ दिया। मनमोहन सिंह ने 2004 से 2014 के दौरान लाल किले की प्राचीर से 10 बार तिरंगा फहराया था। इस मामले में मोदी पूर्व प्रधानमंत्रियों जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के बाद तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। नेहरू को यह सम्मान 17 बार और इंदिरा को 16 बार मिला था।
पीएम मोदी ने कब कितना लंबा भाषण दिया?
| क्रमांक | वर्ष | भारत का समय |
| 1 | 2014 | 65 मिनट |
| 2 | 2015 | 88 मिनट |
| 3 | 2016 | 96 मिनट |
| 4 | 2017 | 56 मिनट |
| 5 | 2018 | 83 मिनट |
| 6 | 2019 | 92 मिनट |
| 7 | 2020 | 90 मिनट |
| 8 | 2021 | 88 मिनट |
| 9 | 2022 | 74 मिनट |
| 10 | 2023 | 90 मिनट |
| 11 | 2024 | 98 मिनट |
पीएम मोदी ने 2017 में दिया था सबसे छोटा भाषण
पहली बार देश की बागडोर संभालने के बाद मोदी ने 2014 में, लाल किले से पहली बार 65 मिनट तक राष्ट्र को संबोधित किया था। साल 2015 में उनका संबोधन करीब 88 मिनट का था। साल 2018 में, मोदी ने लाल किले की प्राचीर से 83 मिनट तक देश को संबोधित किया। इसके बाद, 2019 में, उन्होंने लगभग 92 मिनट तक बात की, जो उनका अब तक का दूसरा सबसे लंबा भाषण था। साल 2020 में मोदी का स्वतंत्रता दिवस संबोधन 90 मिनट का था। वर्ष 2021 में उनका स्वतंत्रता दिवस संबोधन 88 मिनट का और 2022 में 74 मिनट का रहा। पिछले साल यानी 2023 में मोदी का संबोधन 90 मिनट का था।
मोदी से पहले लाल किले से किसने दिया था सबसे लंबा भाषण?
| वर्ष | प्रधानमंत्री | भाषण का समय |
| 1947 | जवाहरलाल नेहरू | 72 मिनट |
| 1997 | इंद्रकुमार गुजराल | 71 मिनट |
लाल किले से अब तक का सबसे छोटा भाषण किसने दिया?
| वर्ष | प्रधानमंत्री | भाषण का समय |
| 1954 | जवाहरलाल नेहरू | 14 मिनट |
| 1966 | इंदिरा गांधी | 14 मिनट |
| 2002 | अटल बिहारी वाजपेयी | 25 मिनट |
| 2003 | अटल बिहारी वाजपेयी | 30 मिनट |
| 2012 | मनमोहन सिंह | 32 मिनट |
| 2013 | मनमोहन सिंह | 35 मिनट |
