Tu Hai Meri Kiran: एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की फिल्म ‘तू है मेरी किरण’ (Tu Hai Meri Kiran) की रिलीज से ठीक पहले ऐसा कानूनी पेंच फंसा कि फिल्म के सिनेमाघरों तक पहुंचने पर ही सवाल खड़े हो गए। मामला करोड़ों रुपये के लेन-देन और मेकर्स के बीच हुए समझौते से जुड़ा था। हालांकि, अब मेकर्स ने विवाद सुलझने की जानकारी देते हुए साफ कर दिया है कि फिल्म 23 अक्टूबर को तय समय पर रिलीज होगी। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Tiger Shroff Firing Case: हमले से कुछ मिनट पहले कहां थे आरोपी? CCTV में कैद हुई हलचल)
‘तू है मेरी किरण’ की रिलीज को लेकर आया अपडेट (pic credit-instagram)
‘तू है मेरी किरण’ की रिलीज को लेकर आया अपडेट
दरअसल, 19 अक्टूबर को बॉम्बे हाई कोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दी थी। यह फैसला फिल्म के सह-निर्माता एएनडी मूवी प्रोडक्ट्स एलएलपी की शिकायत पर आया था। कंपनी का कहना था कि उसने मार्च 2024 में हुए समझौते के तहत फिल्म में 8.85 करोड़ रुपये लगाए थे, लेकिन दूसरे निर्माता इचलॉन प्रोडक्शंस ने तय समय पर पैसे वापस नहीं किए। पैसे लौटाने के लिए दिया गया चेक भी बाउंस हो गया था। वहीं, इचलॉन प्रोडक्शंस का कहना था कि एएनडी मूवी ने सोशल मीडिया पर फिल्म का प्रचार किया था, इसलिए उसे फिल्म की रिलीज से कोई परेशानी नहीं थी। हालांकि, कोर्ट ने इस दलील को नहीं माना। कोर्ट ने कहा कि सोशल मीडिया पर फिल्म का प्रचार करने का मतलब यह नहीं है कि कोई कंपनी अपने पैसे वापस मांगने का हक छोड़ देती है। जस्टिस अमित बोरकर ने इचलॉन प्रोडक्शंस को 3 वर्किंग डे के अंदर 8.85 करोड़ रुपये के साथ 15 प्रतिशत ब्याज जमा करने का आदेश दिया था। इसके अलावा, फिल्म की रिलीज और डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़े समझौतों की जानकारी देने और 48 घंटे के अंदर समझौते के मुताबिक निर्माता का नाम ठीक करने का भी निर्देश दिया गया था।
बता दें कि अब दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझने के बाद फिल्म की रिलीज को लेकर स्थिति साफ हो गई है। निर्माता विशाल राणा ने कहा कि जिन मुद्दों पर चर्चा जरूरी थी, उन्हें आंतरिक रूप से सुलझा लिया गया है। वहीं, निर्माता सर्वेश गोयल ने भी विवाद के समाधान की पुष्टि की। ऐसे में सोनाक्षी और जहीर की फिल्म को लेकर दर्शकों का इंतजार खत्म होने वाला है। ‘तू है मेरी किरण’ अब 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
