#13YearsOfSingham: बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन की सबसे सफल फिल्म फ्रेंचाइजी सिंघम ने आज 13 साल का सफर पूरा कर लिया है। फिल्म फ्रेंचाइजी सिंघम का सफर आज से 13 साल पहले शुरू हुआ था, जिसो रोहित शेट्टी ने अपने दिमाग से खूबसूरत रूप दिया। रोहित शेट्टी और अजय देवगन की जोड़ी दर्शकों को इतनी पसंद आई कि इस फ्रेंचाइजी ने भारत के सबसे सफल कॉप यूनिवर्स का निर्माण करा दिया। रोहित शेट्टी-अजय देवगन ने इस खास मौके पर एक प्यारा सा वीडियो इंटरनेट पर शेयर किया है, जिसके माध्यम से दोनों ने 13 सालों का सफर दिखाया है। रोहित-अजय का ये वीडियो फैंस को काफी पसंद आ रहा है।
रोहित शेट्टी ने #13YearsOfSingham का वीडियो इंटरनेट पर शेयर करते हुए लिखा है, 'सिंघम को 13 साल हो गए हैं और हमारी दोस्ती को 33 साल पूरे हो चुके हैं।' इस वीडियो के माध्यम से रोहित शेट्टी ने 90's से लेकर अब तक का सफर दिखाया है। आप यह प्यारा सा वीडियो नीचे देख सकते हैं:
सिंघम अगेन की शूटिंग हुई पूरी:
रोहित शेट्टी ने इस वीडियो के माध्यम से फैंस को यह जानकारी भी दी है कि उनकी अपकमिंग मूवी सिंघम अगेन की शूटिंग भी पूरी हो चुकी है। सिंघम अगेन इस साल की बहुप्रतीक्षित मूवीज में से एक है, जिसका इंतजार दर्शक काफी लम्बे समय से कर रहे हैं। रोहित शेट्टी की इस फिल्म में अजय देवगन के साथ-साथ दीपिका पादुकोण, करीना कपूर खान, अक्षय कुमार, रणवीर सिंह, टाइगर श्रॉफ, अर्जुन कपूर और जैकी श्रॉफ जैसे कलाकार अहम किरदारों में दिखाई देंगे।
रोहित शेट्टी सिंघम अगेन पर काफी समय से मेहनत कर रहे हैं क्योंकि यह उनके कॉप यूनिवर्स की सबसे अहम मूवी है। सिंघम अगेन उनकी कॉप यूनिवर्स की किस्मत तय करेगी कि ये कितना आगे जाएगा। यही कारण है कि रोहित शेट्टी इसे रिलीज करने में जल्दबाजी नहीं कर रहे हैं। वैसे आप सिंघम अगेन के लिए कितने उत्साहित हैं, हमें कमेंट में जरूर बताएं।
