UP Nikay Chunav 2023 : उत्तर प्रदेश में होने वाले निकाय चुनाव के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज ब्रज क्षेत्र में प्रचार किया। इसी क्रम में आगरा भी पहुंचे, यहां उन्होंने भाजपा प्रत्याशी हेमलता दिवाकर कुशवाहा के समर्थन में जनता से समर्थन मांगा। आगरा की जनसभा में सीएम योगी बीजेपी की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। यूपी में माफियाराज के सफाये का मुद्दा उनके केंद्र पर था। योगी बोले कि अब प्रदेश में माफिया सीना तानकर नहीं चलता, अपराधी गले में तख्ती लटकाकर जान की भीख मांगता है, 2017 से पहले कब्जा होता था। आज डबल इंजन की सरकार हर गरीब को मकान दे रही है।
आगरा में सीएम योगी ने की जनसभा।
पीएम मोदी की शान में पढ़े कसीदे
आगरा में योगी ने चुनाव प्रचार के दौरान कहा कि हमने करोड़ों लोगों को शौचालय दिए, उज्जवला गैस कनेक्शन दिए। प्रधानमंत्री मोदी का विजन है कि यूपी को नये उत्तर प्रदेश के रूप में विकसित करना है। पहले जो किसान सिर झुकाकर चलता था, आज वो सीना चौड़ा कर चलता है। दीवाली पर हम एक एक सिलेंडर फ्री में देने जा रहे हैं। हमारा ओडीओपी का मिशन भी आज दुनिया भर में छाया हुआ है।
इन्वेस्टर्स समिट की दिलाई याद
आगरा में कुछ समय पहले ही हुए इन्वेटर्स समिट के बारे में भी योगी ने जनसभा में बात की। सीएम ने कहा कि हाल ही में इन्वेस्टर्स समिट में करोड़ों केनिवेश की बात हुई। जिससे एक करोड़ युवाओं को नौकरी मिलेगी। सीएम योगी ने कहा कि आगरा तो हमेशा से अपने इतिहास के लिए जाना जाता है। छत्रपति शिवाजी महाराज इसका जीता जागता उदाहरण हैं। इसीलिए हमने शिवाजी म्यूजियम को आगरा में बनाने की बात कही।
'अयोध्या काशी के बाद अब ब्रज की बारी'
मुख्यमंत्री योगी ने कहा है कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर के साथ ही काशी में बहुत बदलाव हुआ है। अब ब्रज की बारी है। हम जाति और मजहब के हिसाब से नहीं, बल्कि सबका साथ सबका विकास के मकसद के साथ आगे बढ़ रहे हैं। सभी को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उत्तर प्रदेश विकसित हो इसलिए हमने गुंडागर्दी को प्रदेश से खत्म कर दिया है।
