Madhya Pradesh Assembly Election 2023: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के नजदीक आने के साथ ही भाजपा और कांग्रेस के बीच हमले जोरदार हो गए हैं। कांग्रेस पार्टी ने भाजपा के अन्य नेताओं को छोड़कर कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। इस बीच कांग्रेस नेता राज बब्बर ने सिंधिया को लेकर बड़ा बयान दिया है।
कांग्रेस नेता राज बब्बर
उन्होंने कहा है कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आती है तो सिंधिया के महल को चौपाटी बना दिया जाएगा। ऐसा इसलिए किया जाएगा ताकि आम लोग भी महल को देख सकें और वहां जाकर घूम सकें। उन्होंने यहां तक कह दिया कि मैं बचपन से ग्वालियन आ रहा हूं, लेकिन यहां कोई विकास कार्य नहीं किया गया है।
जनता करेगी मौज, महल में खाएगी चाट
राज बब्बर ने कहा, मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने के बाद मध्य प्रदेश में पर्यटन को बढ़वा दिया जाएगा। जब पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा तो जनता महल देखने भी जाएगी। उन्होंने कहा कि अब तक सिंधिया ने बहुत मौज की है, अब जनता मौज करेगी। इसलिए अब जनता महल में जाएगी और वहां पर मजे से चाट खाएगी।
हमारे राम सबके हैं
ग्वालियर में पत्रकारवार्ता के दौरान जब राज बब्बर से पूछा गया कि क्या इस चुनाव में भी विकास की बजाय राम और धर्म प्रमुख मुद्दे हैं? इस पर राज बब्बर ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, जहां तक भगवान राम का सवाल है तो हमारे राम तो सबके हैं। भाजपा का राम सिर्फ इनका होगा, लेकिन हमारा राम सबका है। हम तो खुद सनातनी हैं, इसलिए हम सनातक के बारे में कुछ भी नहीं कहना चाहते हैं।
