PM Modi in Siliguri: पश्चिम बंगाल में कई चुनावी रैलियों को संबोधित करने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को बागडोगरा हवाई अड्डे से अपने रात्रि प्रवास स्थल की ओर रवाना हुए, जहां उन्हें देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। वह रविवार दोपहर को सिलीगुड़ी में एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी ने दिन में पहले पूर्व बर्धमान, जंगीपुर और बालुरघाट में रैलियों को संबोधित किया था और शाम को उत्तरी बंगाल के इस शहर के पास स्थित बागडोगरा हवाई अड्डे पर पहुंचे थे।
सिलीगुड़ी में पीएम मोदी का बड़ी संख्या में लोगों ने स्वागत किया (फोटो साभार: @BJP4Bengal)
हालांकि, भाजपा मीडिया प्रकोष्ठ द्वारा साझा किए गए प्रधानमंत्री के यात्रा कार्यक्रम में सिलीगुड़ी में किसी रोडशो का उल्लेख नहीं था, लेकिन हवाई अड्डे से उनकी यात्रा एक रोड शो में बदल गई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रास्ते के दोनों ओर भारी भीड़ उनका स्वागत करने के लिए खड़ी थी। प्रधानमंत्री के काफिले के शहर से धीरे-धीरे गुजरते समय लोगों ने हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया, नारे लगाए और उन पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाईं। पीएम मोदी भी भीड़ का अभिवादन करते नजर आए।
रोड शो का नहीं था कोई तय कार्यक्रम
भारतीय जनता पार्टी के एक नेता ने कहा, ''रोड शो का कोई कार्यक्रम तय नहीं था, लेकिन लोग खुद ही मोदी जी को देखने और उनका अभिवादन करने के लिए निकले और अंततः यह एक रोडशो में बदल गया।''
'UCC लागू करेगी BJP'
इससे पहले, पीएम मोदी ने मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने का शनिवार को वादा किया। पीएम मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा पार्टी का घोषणापत्र जारी करने के एक दिन बाद कहा, ''देश की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। भाजपा का संकल्प है कि पश्चिम बंगाल में तुष्टीकरण की राजनीति को हमेशा के लिए समाप्त करने के वास्ते यूसीसी लागू किया जाए।''
