Jharkhand Assembly Polls: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि झारखंड में चुनाव ऐसे समय में हो रहे हैं जब पूरा देश 'विकसित भारत' बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों के बीच एक ही गूंज है कि 'रोटी, बेटी, माटी की पुकार, झारखंड में भाजपा-एनडीए सरकार'। राज्य के गढ़वा में एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बनने के बाद राज्य में विकास भी दोगुनी गति से होगा। 'आपने कुछ महीने पहले दिल्ली में लगातार तीसरी बार केंद्र में भाजपा-एनडीए सरकार बनाई। अब झारखंड में विधानसभा चुनाव हैं, हम सभी को एक साथ आना है और भाजपा-एनडीए के नेतृत्व में यहां डबल इंजन की सरकार बनानी है। मैं झारखंड भाजपा को कल एक अद्भुत संकल्प पत्र जारी करने के लिए बधाई देता हूं।
झारखंड की रैली में पीएम मोदी ने भरी हुंकार
प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों को छठ पूजा की शुभकामनाएं भी दीं और विकसित भारत के महत्व पर जोर दिया। इस समय छठ का उत्साह हर जगह दिखाई दे रहा है। मैं छठी मैया की पूजा करने वालों को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। झारखंड में ये चुनाव ऐसे समय में हो रहे हैं जब पूरा देश 'विकसित भारत' के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। यानी आने वाले 25 साल देश और झारखंड के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं।
ये भी पढ़ें: चुनाव आयोग का सख्त कदम, महाराष्ट्र डीजीपी रश्मि शुक्ला का तुरंत तबादला करने का दिया आदेश
जेएमएम सरकार ने विकास में डाली बाधा
पीएम मोदी ने कहा कि देश की आजादी के 100 साल पूरे हो जाएंगे और झारखंड भी तब 50 साल का हो जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड में किसानों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। झारखंड में बेहतर सुविधाओं के लिए, किसानों के लिए, राज्य में उद्योगों को मजबूत करने के लिए, केंद्र सरकार ने हरसंभव प्रयास किया है, तब भी जब जेएमएम सरकार ने इसके सामने बाधाएं खड़ी कीं...। जब आप यहां डबल इंजन की सरकार बनाएंगे, तो राज्य में विकास भी दोगुनी गति से होगा। बता दें, झारखंड विधानसभा चुनाव 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में होने वाले हैं, जबकि मतगणना 23 नवंबर को होगी। पिछले विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने 30 सीटें जीती थीं, भाजपा ने 25 और कांग्रेस ने 16 सीटें जीती थीं।
