West Bengal Assembly Election 2026: केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने पश्चिम बंगाल की मौजूदा स्थिति को लेकर तीखे बयान दिए। उन्होंने कहा कि अब बंगाल में 'गुंडाराज' के दिन गिनती के रह गए हैं।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (फाइल फोटो)
ममता सरकार पर बरसे गिरिराज
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बंगाल में हो रही हिंसा को लेकर ममता सरकार पर सीधा हमला बोला है। जब उनसे चुनाव आयोग के अधिकारियों के साथ टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा की गई मारपीट के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि बंगाल में अब 'यमराज' और 'गुंडाराज' के दिन गिनती के रह गए हैं।
गिरिराज सिंह ने कहा, "बंगाल की जनता ने इस बार बदलाव के लिए मतदान किया है। वहां जो गुंडाराज और 'M' राज चल रहा था, वह अब खत्म होने वाला है। अधिकारियों को पीटना कि हार के डर से वे बौखला गए हैं। इसीलिए मैं कह रहा हूं- वहां से गुंडा राज जाएगा और अब रामराज की स्थापना होगी।"
तेजस्वी पर भी जमकर बरसे गिरिराज
इस दौरान, गिरिराज सिंह ने बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के आरोपों पर भी पलटवार किया। दरअसल, तेजस्वी यादव ने सरकार पर 12,000 करोड़ रुपये का कर्ज लेने और मंत्रियों के 'मस्त' रहने का आरोप लगाया था। इस पर गिरिराज सिंह ने तंज कसते हुए कहा, "उन्हें (तेजस्वी को) कुछ पता नहीं है। बिना जानकारी के वे केवल बयानबाजी कर रहे हैं।''
बंगाल में छिटपुट हिंसा के बीच पहले चरण का मतदान संपन्न
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को शाम छह बजे तक 91.74 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला। इस दौरान हिंसा, मतदाताओं को डराने-धमकाने और कम से कम तीन उम्मीदवारों पर हमले की छिटपुट घटनाएं भी हुईं। राज्य के हालिया चुनावी इतिहास में यह मतदान प्रतिशत सबसे अधिक है। मतदान शाम छह बजे समाप्त हो गया। अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित समय से पहले मतदान केंद्रों पर पहुंचने वाले मतदाताओं को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अनुमति दी जाएगी।
