West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल में जैसे-जैसे मतदान की तारीख पास आ रही है, राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज होता हुआ दिखाई दे रहा है। इस बीच, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कूचबिहार में एक रैली को संबोधित करते हुए मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा बंगाल चुनावों के दौरान बम लगाने और जांच के लिए एनआईए को बुलाने की योजना बना रही है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (फोटो साभार: @AITCofficial)
ममता बनर्जी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं के आरक्षण और परिसीमन को जोड़कर भारत को बांटने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, ''महिला आरक्षण व परिसीमन से संबंधित विधेयकों को जोड़ना मतदाताओं के नाम हटाने और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (NRC) लागू करने की साजिश है।''
क्या ममता बनर्जी के कार की हुई तलाशी?
इससे पहले, ममता बनर्जी ने दावा किया था कि जब वह दिन में कोलकाता हवाई अड्डा जा रही थीं, तभी केंद्रीय बलों ने उनकी कार की तलाशी लेने की कोशिश की। ममता बनर्जी ने बुधवार को उत्तर दिनाजपुर जिले में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्रियों पर चुनाव वाले राज्य में 'पैसा लाने' और 'अपने पदों का दुरुपयोग करने' का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा था, ''जब मैं आज कोलकाता हवाई अड्डा जा रही थी तो केंद्रीय बलों ने मेरी कार की तलाशी लेने की कोशिश की। अगर आपमें हिम्मत है, तो आप हर दिन मेरी कार की जांच करें।''
तृणमूल कांग्रेस ने मंगलवार को आरोप लगाया था कि केवल उसके नेताओं, विशेष रूप से अभिषेक बनर्जी के वाहन की निर्वाचन आयोग के निर्देशों के आधार पर, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए तैनात सुरक्षा कर्मियों द्वारा 'सघन तलाशी' के लिए चुना गया है। सनद रहे कि पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होना है, जबकि मतगणना चार मई को होगी।
