BJP Candidates List: हरियाणा विधानसभा चुनाव (Haryana Assembly Elections 2024) के लिए भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। बीजेपी की पहली लिस्ट (BJP Candidates List) में 67 प्रत्याशियों के नाम हैं। इस सूची के मुताबिक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लाडवा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। जबकि अनिल विज को अंबाला कैंट से भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं नारनौल से कैप्टन अभिमन्यु को टिकट मिला है।
बीजेपी ने हरियाणा के लिए उतारे 67 उम्मीदवार।
प्रकाश धनखड़ को भाजपा ने दिया टिकट
भारतीय जनता पार्टी ने फरीदाबाद विधानसभा सीट से विपुल गोयल को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि जगधारी सीट से अमरपाल गुर्जर को टिकट दिया है। वहीं बादली सीट से ओम प्रकाश धनखड़ को BJP उम्मीदवार बनाया गया है। कालका विधानसभा सीट से शक्ति रानी शर्मा को टिकट मिला है। पंचकूला से ज्ञान चंद गुप्ता को भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया है, तो वहीं अंबाला शहर से असीम गोयल को टिकट दिया गया है। मुलाना सीट से संतोष सरवन पर पार्टी ने भरोसा जताया है।
कार्तिकेय शर्मा की माता को मिला टिकट
आदमपुर से कुलदीप विश्नोई के बेटे भव्या विश्नोई को टिकट मिला। विसंभर वाल्मीकि का बवानीखेड़ा से टिकट कटा, कपूर वाल्मीकी को टिकट मिला। कुछ दिन पहले बीजेपी में शामिल हुई पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा की धर्मपत्नी और अंबाला शहर की मेयर शक्ति रानी शर्मा को भी कालका से टिकट दिया गया। शक्ति रानी शर्मा निर्दलीय राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा की माता है।
देवेंद्र बबली को टोहाना से मिला टिकट
दादरी से सुनील सांगवान को टिकट मिला है, जो दो दिन पहले बीजेपी में शामिल हुए। भोंडसी जेल में अधीक्षक थे। वहीं रतिया से पूर्व सासंद सुनीता दुग्गल को टिकट मिसा है। पूर्व सासंद अरविंद शर्मा को गोहाना से टिकट दिया गया है। जेजेपी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए पूर्व मंत्री और विधायक देवेंद्र बबली को टोहाना से चुनाव मैदान में उतारा गया।
रणजीत चौटाला को नहीं मिला टिकट
जेजेपी के तीन पूर्व विधायकों को बीजेपी ने टिकट दिया है। देवेंद्र बबली को टोहाना, रामकुमार गौतम को सफीदों और उकलाना से अनूप धानक को टिकट। पिछली बार रानियां विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय जीत कर आए और बाद में बीजेपी में शामिल हुए हिसार लोकसभा से सांसद का चुनाव हारने वाले रणजीत चौटाला की टिकट बीजेपी ने काट दी है। रणजीत चौटाला पहले बयान दे चुके हैं कि अगर बीजेपी टिकट नहीं देगी तो निर्दलीय लडूंगा।
नवीन जिंदल की मां को नहीं मिला टिकट
हिसार में कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल के परिवार को झटका दिया गया है। वहां से टिकट मांग रही उनकी माता पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल को टिकट नहीं दिया गया है। वहां से मौजूदा विधायक और मंत्री कमल गुप्ता को टिकट दिया गया है। टिकट बंटवारे पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हम अच्छे प्रकार से चुनाव लड़ेंगे, हमारी तीसरी बार सरकार आने वाली है, ये हमारा विश्वास है। जितने भी बड़े नेता हैं, प्रधानमंत्री जी, गृहमंत्री जी और सभी बड़े नेता हरियाणा और जम्मू कश्मीर सभी जगह चुनाव लड़ेंगे।
