NEET UG Re Exam 2026: अगर आपने 21 जून को नीट यूजी री-एग्जाम दिया है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। अब आपके पास अपने रिकॉर्डेड उत्तरों को जांचने का आखिरी मौका है। अगर NTA के रिकॉर्ड में आपका कोई उत्तर गलत दर्ज हुआ है, तो आप उसकी शिकायत यानी चैलेंज कर सकते हैं। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA के अनुसार, 13 जुलाई 2026 से OMR शीट और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स उपलब्ध करा दिए गए हैं। वहीं, 15 जुलाई 2026 सुबह 11 बजे तक ही आप ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद पोर्टल बंद हो जाएगा और किसी भी माध्यम से भेजी गई शिकायत स्वीकार नहीं की जाएगी।
NEET UG 2026: OMR शीट आ गई, अब क्या करें?
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने री-NEET परीक्षा में शामिल सभी उम्मीदवारों की स्कैन की गई OMR शीट और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स जारी कर दिए हैं। यानी अब आप देख सकते हैं कि परीक्षा के दौरान आपने OMR शीट पर कौन-सा गोला भरा था और NTA के सिस्टम ने उसे किस उत्तर के रूप में रिकॉर्ड किया है। यह सुविधा रिजल्ट की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए की गई है।
रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स क्या होता है
परीक्षा के बाद आपकी OMR शीट को स्कैन किया जाता है। स्कैनर जिस उत्तर को पढ़ता है, वही आपका रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स कहलाता है। अगर किसी वजह से स्कैनिंग में कोई गलती हुई हो और आपका सही उत्तर गलत रिकॉर्ड हो गया हो, तो उसे सुधारने के लिए ही NTA ने यह सुविधा दी है। यह आंसर-की को चैलेंज करने की प्रक्रिया नहीं है। Answer Key पर आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है। अब केवल OMR पर रिकॉर्ड हुए उत्तरों से जुड़ी आपत्तियां ही स्वीकार की जाएंगी।
15 जुलाई तक चेक करें रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स
अगर आपने 21 जून 2026 को आयोजित NEET UG री-एग्जाम दिया है, तो बिना देर किए अपनी OMR शीट और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स जरूर चेक करें। अगर कोई गड़बड़ी दिखती है, तो 15 जुलाई सुबह 11 बजे से पहले अपनी आपत्ति दर्ज कर दें। क्योंकि इसके बाद आपको कोई दूसरा मौका नहीं मिलेगा।
