UKSSSC paper leak: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) के स्नातक स्तरीय परीक्षा का पर्चा लीक होने के बाद एग्जाम रद्द करने की मांग को लेकर छात्र सड़कों पर उतरे हुए हैं। बेरोज़गार संघ के नेतृत्व में हजारों छात्र अलग अलग जिलों में धरना दे रहे हैं। पर्चा लीक करने के मास्टरमाइंड खालिद मलिक और उसकी बहन साबिया को हरिद्वार पुलिस ने हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस मामले में सीएम पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और सरकार इस मामले में पूरी सख़्ती बरतेगी।
UKSSSC Paper Leak Case
मास्टमाइंड अरेस्ट
बता दें कि पेपर लीक के मास्टरमाइंड खालिद मलिक को हरिद्वार पुलिस ने हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं खालिद की बहन साबिया पहले ही गिरफ्तार हो चुकी है, जिसे मंगलवार को जेल भेज दिया है। इस मामले में दो अन्य नामजद आरोपित असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन व खालिद की बहन हिना की गिरफ्तारी अभी बाकी है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को नामजद किया था।
क्या है पूरा मामला
बता दें कि 21 सितंबर को यूकेएसएसएससी की ओर से स्नातक स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन किया गया था। हरिद्वार के बहादुरपुर जट स्थित आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज से पेपर के तीन फोटो अज्ञात व्यक्ति ने आउट किए, जोकि कुछ देर बाद इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गए। आउट हुए फोटो के सोर्स की जानकारी करने पर पता चला कि जनपद टिहरी में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत महिला सुमन के पास प्रश्नों के फोटोग्राफ्स भेजे गए। मामले की गंभीरता से देखते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण (ऋषिकेश) की अध्यक्षता में एसआइटी का गठन किया गया।
बेरोजगार संघ के प्रतिनिधिमंडल से मिले सीएम
बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल के नेतृत्व में आज एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सचिवालय में भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि UKSSSC की हाल ही में आयोजित परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और सरकार इस मामले में पूरी सख़्ती बरतेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेरोज़गार अभ्यर्थियों के हित सर्वोपरि हैं और उनके हितों को सुरक्षित रखते हुए ही जरूरी निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
