Rajasthan University PG Admission 2026: राजस्थान विश्वविद्यालय (यूनिराज) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पोस्टग्रेजुएट (PG) पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, प्रवेश प्रक्रिया विभिन्न स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए आयोजित की जाएगी। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। ऐसे अभ्यर्थी, जिन्होंने स्नातक की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है या अंतिम वर्ष के परिणाम का इंतजार कर रहे हैं, वे भी निर्धारित नियमों के अनुसार आवेदन करने के पात्र होंगे।
राजस्थान यूनिवर्सिटी पीजी एडमिशन
राजस्थान विश्वविद्यालय में पीजी स्तर पर एमए, एमएससी, एमकॉम सहित कई विषयों में प्रवेश दिए जाते हैं। प्रत्येक पाठ्यक्रम के लिए पात्रता, सीटों की संख्या, चयन प्रक्रिया और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी विश्वविद्यालय द्वारा जारी विस्तृत प्रवेश पुस्तिका (Admission Brochure) में उपलब्ध कराई जाएगी। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले सभी दिशा-निर्देश ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।
विश्वविद्यालय में पीजी कोर्स में दाखिला लेने के इच्छुक छात्र-छात्राएं 13 जुलाई 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 3 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। उम्मीदवार विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं
कैसे करना है आवेदन
- आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को सबसे पहले विश्वविद्यालय के एडमिशन पोर्टल uniraj.ac.in पर जाकर पंजीकरण करना होगा।
- इसके बाद आवश्यक व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी, निर्धारित दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
- आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा।
- सफल आवेदन के बाद उम्मीदवारों को भविष्य के लिए आवेदन पत्र का प्रिंटआउट सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
जो उम्मीदवार राजस्थान विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई करना चाहते हैं, उनके लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। किसी भी प्रकार के अपडेट, प्रवेश प्रक्रिया, मेरिट सूची और काउंसलिंग से जुड़ी जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को समय-समय पर विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
