Madhya Pradesh News: सतना जिले के मां शारदा धाम मैहर से शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई। जहां मां शारदा प्रबंधन समिति में काम करने वाले दो कर्मचारियों ने 10 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और उसके प्राइवेट पार्ट में डंडे डालकर हैवानियत की सारी हदें पार कर दी। रेप पीड़िता को मैहर में प्राथमिक उपचार के बाद रीवा रेफर कर दिया गया। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात को लेकर मैहर के लोगों में गुस्सा देखने को मिला।
मध्य प्रदेश के सतना में 10 साल की मासूम के साथ गैंगरेप किया।
दस साल की मासूम के साथ हैवानियत की हदें पार
बताया जा रहा है कि मैहर थाना क्षेत्र के अंधरा टोला में रहने वाली दस साल की मासूम मां शारदा धाम जा रही थी। धाम के पीछे की ओर नहर है, जिसके किनारे से गुजरते वक्त रवि चौधरी नाम के युवक ने मासूम को दबोच लिया और अपने दोस्त के साथ मिलकर हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। दोनों ने झाड़ियों के पीछे नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया और उसके प्राइवेट पार्ट में डंडा डाल दिया। इस दरिंदगी की वजह से मासूम का काफी खून बह गया। ये वारदात शुक्रवार सुबह 7 बजे की है।
पुलिस ने गैंगरेप के दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी अतुल बढ़ौलिया और रवि चौधरी की मां शारदा प्रबंधन समिति, मैहर में कार्यरत हैं। फिलहाल मैहर थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ नाबालिग से दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। एक बार फिर इस वारदात की वजह से मां शारदा का पवित्र धाम कलंकित हुआ है। जघन्य अपराध की जानकारी मिलते ही मैहर एसडीएम सुरेश जाधव, एसडीओपी लोकेश डावर, तहसीलदार जितेंद्र सिंह पटेल मौके पर पहुंचे और परिजनों को कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया।
अधिकारी ने बताया कैसे वारदात को दिया गया अंजाम
मैहर एसडीओपी लोकेश डावर ने बताया कि सुबह सात बजे बच्ची मंदिर की ओर जा रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने उसे पकड़ लिया। नहर किनारे झाड़ियों में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। नाबालिग के प्राइवेट पार्ट में कुछ डाला गया है। जिसके बारे में सही जानकारी डॉक्टर से ही मिल पाएगी। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं पीड़ित बच्ची को बेहतर इलाज के लिए रीवा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। वहीं कांग्रेस पार्टी के नेता इस घटना को लेकर गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
