LIVE
Atiq Ahmed Son Asad Encounter LIVE: झांसी मेडिकल कॉलेज के बाहर सख्त पहला, रखे हैं असद और गुलाम के शव
Atiq Ahmed Son Asad Ahmed Encounter News in Hindi: उमेश पाल हत्याकांड में वांटेड गैंगस्टर और बाहुबली नेता अतीक अहमद के बेटे असद को स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने झांसी में मार गिराया है। पुलिस ने असद पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। इस मामले के एक अन्य आरोपी गुलाम के सिर पर 5 लाख रुपये का इनाम था, वह भी डिप्टी एसपी नवेंदु और डिप्टी एसपी विमल के नेतृत्व में हुई मुठभेड़ में मारा गया।
APR 14, 2023 16:33 IST
प्रयागराज में होगा असद का कफन-दफन, मौसा शव लेने झांसी गए
पुलिस मुठभेड़ में मारे गए असद अहमद का कफन-दफन प्रयागराज में होना है और उसके मौसा शव लाने के लिए झांसी गए हैं। परिवार के एक वकील ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। असद को धूमनगंज थाने के कसारी मसारी कब्रिस्तान में दफनाए जाने की तैयारी की गई है। अतीक के माता-पिता की कब्र भी इसी कब्रिस्तान में है। असद, माफिया अतीक अहमद के पांच बेटों में तीसरे नंबर का था और उमेश पाल हत्याकांड के बाद से फरार था। अतीक के अन्य बेटों में सबसे बड़ा बेटा उमर लखनऊ जेल में बंद है, जबकि दूसरा बेटा अली नैनी सेंट्रल जेल में बंद है। वहीं चौथे नंबर का बेटा अहजान और सबसे छोटा बेटा अबान, प्रयागराज के बाल सुधार गृह में हैं।
APR 14, 2023 13:02 IST
11 फरवरी को रची गई थी उमेश की हत्या की साजिश
अतीक के आदेश के बाद बरेली जेल में रची गई थी उमेश पाल की हत्या की साजिश। करीब 2 घंटा 10 मिनट तक असद की अशरफ से मुलाकात हुई थी। 11 फरवरी 2023 को पूरा खाका तैयार हुआ था। सूत्रों के मुताबिक, 11 फरवरी 2023 को असद और उसके 8 साथियों ने बरेली जेल में अशरफ से मुलाकात की थी। यही पर उमेश पाल की हत्या की पूरी साजिश रची गई थी।
APR 14, 2023 09:35 IST
मेडिकल अस्पताल के बाहर पुलिस तैनात
उत्तर प्रदेश: झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल अस्पताल के बाहर पुलिस तैनात है जहां यूपी एसटीएफ द्वारा मुठभेड़ में मारे गए गैंगस्टर अतीक अहमद के बेटे असद और उसके साथी गुलाम के शवों को पोस्टमार्टम के लिए रखा गया है।https://twitter.com/ANINewsUP/status/1646703204544163840
APR 14, 2023 08:36 IST
शव लेने नहीं पहुंचे रिश्तेदार
पुलिस मुठभेड़ में मारे गए असद अहमद और गुलाम के शव को लेने अभी तक कोई रिश्तेदार नहीं पहुंचा है। पोस्टमार्टम होने के बाद असद और गुलाम का शव अभी झांसी मेडिकल कॉलेज में ही रखी गई है।
APR 13, 2023 22:48 IST
अतीक की पत्नी अभी भी फरार
अतीक अहमद, उसका भाई और उसके दो बेटे विभिन्न मामलों में जेल में बंद हैं, लेकिन उसकी पत्नी अभी भी फरार है।
APR 13, 2023 21:47 IST
बसपा ने उठाए 'मुठभेड़' पर सवाल
बसपा प्रमुख मायावती ने इस मुठभेड़ पर सवाल उठाते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने एक ट्वीट में कहा- "अतीक अहमद के बेटे व एक अन्य व्यक्ति की आज पुलिस मुठभेड़ में हुई हत्या पर अनेकों प्रकार की चर्चायें गर्म हैं। लोगों को लगता है कि विकास दुबे काण्ड के दोहराए जाने की उनकी आशंका सच साबित हुई है। अतः घटना का पूरा तथ्य एवं सच्चाई जनता के सामने आ सके इसके लिए उच्च-स्तरीय जांच जरूरी है।"
APR 13, 2023 21:09 IST
उमेशपाल हत्याकांड वाले हथियार कहां
उसने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा कि उमेश पाल की हत्या में प्रयुक्त सारे हथियार घटना के बाद वापस जगह पर पहुंचा दिए गए, केवल 45 बोर की पिस्टल वापस नहीं पहुंच सकी क्योंकि घटना के बाद लड़के शहर छोड़ने की जल्दबाजी में थे और उस पिस्टल को करेली थाना क्षेत्र के मलिन बस्ती में कल्लू नामक व्यक्ति के घर पर रख दिया गया।
APR 13, 2023 20:27 IST
अतीक के भाई का खुलासा
अतीक के भाई अशरफ द्वारा बृहस्पतिवार को पुलिस को दिए गए बयान के मुताबिक, असलहे और कारतूस जिस जगह पर रखे हैं, उस जगह को यहां से बताना मुमकिन नहीं है। कुछ जगहों को मैं जानता हूं और कुछ जगहों को भाईजान अतीक जानते हैं। अशरफ ने अपने बयान में कहा, ‘‘जिन ठिकानों पर हथियार रखे जाते हैं और वहां जो आदमी रहता है, वह सब स्थान हमें और भाईजान को मालूम है। लेकिन वह जगह खेतों में बने फार्म हाउस जैसे हैं वहां चलकर ही पता बताया जाना मुमकिन है। जेल में रहकर वहां का पता बताना मुमकिन नहीं है।’’
APR 13, 2023 19:51 IST
अतीक ने कथित तौर पर आईएसआई से संबंध होने की बात कबूली
माफिया अतीक अहमद ने उमेश पाल हत्याकांड मामले में विवेचक को दिए बयान में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से संबंध होने की बात कबूली है। अतीक ने बुधवार को विवेचक को दिए बयान में कहा, मेरे पास हथियारों की कोई कमी नहीं है क्योंकि मेरे सीधे संबंध पाकिस्तानी एजेंसी आईएसआई और आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से हैं। पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब की सीमा में हथियार गिराए जाते हैं जिनको लोकल कनेक्शन इकट्ठा कर लेता है और उन्हीं खेपों से जम्मू कश्मीर के दहशतगर्दों को भी हथियार मिलते हैं।
APR 13, 2023 18:50 IST
अतीक अहमद और अशरफ की पांच दिन की पुलिस रिमांड मंजूर
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने बृहस्पतिवार को उमेश पाल हत्याकांड में नामजद आरोपी तथा माफिया अतीक अहमद और उसके भाई खालिद अजीम उर्फ अशरफ की पांच दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की।जिला शासकीय अधिवक्ता गुलाब चंद्र अग्रहरि ने यहां जनपद न्यायालय परिसर में संवाददाताओं को बताया कि उमेश पाल की हत्या के मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) दिनेश गौतम की अदालत ने अपराध प्रक्रिया संहिता की धारा 167 के तहत अतीक अहमद और अशरफ की 13 अप्रैल से 17 अप्रैल तक पुलिस रिमांड स्वीकृत की।
APR 13, 2023 18:39 IST
ओवैसी बोले- संविधान का एनकाउंटर
ओवैसी ने कहा कि मजहब के नाम पर एनकाउंटर हो रहा है। संविधान का एनकाउंटर किया जा रहा है। बीजेपी संविधान की धज्जियां उड़ा रही है। तुम कोर्ट को कमजोर कर रहे हो, अगर तुम गोली से इंसाफ करोगे तो कोर्ट किलए है, उन्हें बंद कर दो। कोई कत्ल करता है तो उसे सजा दो, उसके घर पर बुलडोजल मत चलाओ।
APR 13, 2023 18:32 IST
अखिलेश बोले- भाजपा भाईचारे के खिलाफ
असद और उसके साथी के एनकाउंटर के बाद इस पर अखिलेश ने ट्वीट कर सख्त प्रतिक्रिया जताई। उन्होंने लिखा कि भाजपा सरकार झूठे एनकाउंटर करके सच्चे मुद्दों से ध्यान भटकाना चाह रही है। भाजपा भाईचारे के खिलाफ है।
APR 13, 2023 17:53 IST
सीएम योगी ने दी एसटीएफ को बधाई
सीएम योगी ने असद का एनकाउंटर करने वाली पुलिस टीम को बधाई दी है। सीएम योगी ने यूपी एसटीएफ, डीजीपी, स्पेशल डीजी लॉ एंड ऑर्डर और पूरी टीम को बधाई दी। इसके बाद उन्होंने यूपी में कानून व्यवस्था को लेकर उच्चस्तरीय बैठक भी की।
APR 13, 2023 17:25 IST
किस मामले में था वांटेड
2005 में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक राजू पाल की हत्या के मामले के मुख्य गवाह उमेश पाल और उसके दो सुरक्षा गार्ड की इस साल 24 फरवरी को प्रयागराज के धूमनगंज इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उमेश पाल की पत्नी जया पाल की तहरीर पर 25 फरवरी को अतीक, उसके भाई अशरफ, पत्नी शाइस्ता परवीन, असद सहित दो बेटों, शूटर गुड्डू मुस्लिम व गुलाम तथा नौ अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
APR 13, 2023 17:09 IST
अधिकारियों ने क्या बताया
अधिकारियों के अनुसार, झांसी में बृहस्पतिवार को एसटीएफ की एक टीम ने जब मोटरसाइकिल से भागने की कोशिश कर रहे असद और गुलाम को रोका, तो दोनों ने एसटीएफ टीम पर गोलियां चलाईं। उन्होंने बताया कि एसटीएफ की जवाबी कार्रवाई में असद और गुलाम मारे गए। घटना की तस्वीरों और वीडियो में कथित मुठभेड़ वाले स्थान पर जमीन पर दो शव और उनके पास एक मोटरसाइकिल नजर आ रही है। बाद में एक एंबुलेंस से दोनों शवों को अस्पताल ले जाया गया।
APR 13, 2023 17:02 IST
कैसे चला पता
यूपी पुलिस उमेशपाल हत्याकांड के बाद से ही अतीक के बेटे असद के पीछे लगी थी। असद साफ-साफ सीसीटीवी कैमरे में हत्या के समय कैद हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने उसे पर ईनाम भी रखा था। इसी तलाश में यूपी पुलिस भटक रही थी। तभी खबर मिली कि झांसी में अतीक के काफिले पर हमला करके उसे पुलिस से छुड़ाने की कोशिश में कुछ लोग लगे हैं। यूपी एसटीएफ इस सूचना के बाद अलर्ट हो गई और झांसी में पूरी तरह से एक्टिव हो गई।
APR 13, 2023 16:49 IST
मिले आधुनिक हथियार
मुठभेड़ में शामिल उत्तर प्रदेश एसटीएफ की टीम का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक नवेंदु और विमल ने किया। मुठभेड़ में मारे गए आरोपियों के पास से अत्याधुनिक विदेशी हथियार बरामद किए गए हैं।
APR 13, 2023 15:49 IST
अतीक अहमद के करीबी सहयोगी ने असद को झांसी में शरण देने की पेशकश की थी
अतीक अहमद के एक करीबी ने असद और मोहम्मद गुलाम को झांसी में शरण देने की पेशकश की थी। अधिवक्ता उमेश पाल के अपहरण और हत्या की घटना के बाद प्रयागराज पुलिस और यूपी एसटीएफ ने झांसी से अतीक अहमद के दो साथियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। यूपी एसटीएफ को झांसी में अतीक अहमद के कई साथियों के बारे में जानकारी मिली थी। 28 मार्च को जब अतीक अहमद को झांसी की अदालत में पेश होना था, तब यूपी एसटीएफ को कई संदिग्धों के इनपुट मिले थे।
APR 13, 2023 15:48 IST
यूपी पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
झांसी के पारीछा बांध के पास पुलिस ने असद का एनकाउंटर किया है। पारीछा बांध झांसी के बड़ा गांव और चिरगांव थाना क्षेत्र के बीच स्थित है। दोनों थाना क्षेत्रों के बीच बांध के पास के इलाके में असद और मोहम्मद गुलाम छिपे हुए थे। यहां ये दोनों ही थे, या कोई और भी इनके साथ था, यह पता लगाने के लिए पुलिस इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
APR 13, 2023 15:45 IST
डिप्टी सीएम ने दी बधाई
इस एनकाउंटर की खबर के तुरंत बाद यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने एसटीएफ को बधाई दी। उन्होंने कहा- "यूपी STF को बधाई देता हूं, श्री उमेश पाल एडवोकेट और पुलिस के जवानों के हत्यारों को यही हश्र होना था!"
