Ranchi Suicide News: रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र की कडरू न्यू एजी कॉलोनी में एक दुखद घटना सामने आई है, जिसमें एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी पहचान मिहिर के रूप में हुई है। घटना के समय उसकी मां और बहन ने भी जहर खाकर अपनी जान लेने की कोशिश की, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना पूरे इलाके में हड़कंप मचा देने वाली साबित हुई। पुलिस और स्थानीय लोग जब मौके पर पहुंचे, तब तक मिहिर की मौत हो चुकी थी।
रांची में पारिवारिक त्रासदी (सांकेतिक फोटो)
कोलकाता से रांची वापस आया था मिहिर
यह बताया जा रहा है कि मिहिर हाल ही में कोलकाता से रांची वापस आया था। वह चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) की पढ़ाई कर रहे थे और चर्चा है कि उन्हें एक कॉरपोरेट कंपनी में नौकरी भी मिल गई थी। मिहिर की मां स्नेहा अखौरी और 14 वर्षीय बहन ने भी जहर खाने का प्रयास किया। स्नेहा अखौरी पेशे से झारखंड हाईकोर्ट की वकील हैं। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत शहर के गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि दोनों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
मामले की जांच जारी
घटना की खबर मिलते ही अरगोड़ा थाना की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की तहकीकात शुरू कर दी। साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया, जिसने स्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने आसपास के लोगों और पड़ोसियों से भी पूछताछ की है। अधिकारियों का कहना है कि इस घटना के पीछे अभी तक स्पष्ट कारण सामने नहीं आए हैं। मां और बेटी के होश में आने के बाद ही मामले की स्थिति के बारे में पूरी जानकारी मिल पाएगी। पुलिस इस पूरे प्रकरण की हर पहलू से गहन जांच कर रही है।
(इनपुट - आईएएनएस)
