जैन समाज के पावन पर्व पर्युषण के दौरान नमक मंडी क्षेत्र में एक गंभीर घटना ने शहर का माहौल तनावपूर्ण बना दिया है। यहां एक शख्स द्वारा जैन साध्वी के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई है, जिसने समाज के लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है।
शिकायत के मुताबिक, साध्वी जब मंदिर से उपाश्रय की ओर जा रही थीं, तभी एक शख्स ने भीड़ का फायदा उठाकर उनके साथ बदसलूकी की। बताया जा रहा है कि आरोपी अल्पसंख्यक समुदाय से है। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह हाथ छुड़ाकर भागने में सफल रहा। इस घटना का वीडियो और आरोपी का फोटो स्थानीय लोगों ने पुलिस को सौंप दिया है।
घटना के बाद जैन समाज के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में खारा कुआं थाने पहुंचे। समाज के सदस्य श्रीपाल राजावत और ऋषभ देव छगन लाल पेढ़ी ने लिखित शिकायत दर्ज करवाई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। एडिशनल एसपी नितेश भार्गव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा की जा रही है। फुटेज और उपलब्ध वीडियो व फोटो के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। हालांकि मामले में जैन समाज की ओऱ से पुलिस और प्रशासन को अल्टीमेटम दिया गया है। जैन समाज की ओर से कहा गया है कि अगर 48 घंटों में आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो 28 अगस्त को उज्जैन में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
