कश्मीर की खूबसूरत वादियों का दीदार करने का सपना अब और आसान हो गया है। कटरा से श्रीनगर के बीच ट्रेन सेवा शुरू होने से पर्यटकों के लिए यह सफर और अधिक सुखद होने वाला है। इस रूट पर वंदे भारत समेत कई ट्रेनें चलाई जाएंगी। हालांकि, ट्रेनों की बुकिंग की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है, लेकिन उम्मीद है कि 26 जनवरी के आसपास इस रूट पर ट्रेनें दौड़ने लगेंगी। दैनिक भास्कर के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी इसका उद्घाटन करेंगे।
फाइल फोटो।
कितने समय में पूरा होगा सफर
वंदे भारत: कटरा से श्रीनगर का सफर वंदे भारत ट्रेन से मात्र 3 घंटे 10 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।
मेल/एक्सप्रेस: मेल या एक्सप्रेस ट्रेन से यह सफर 3 घंटे 20 मिनट में पूरा हो जाएगा।
कितना होगा किराया
एसी चेयर कार: एसी चेयर कार में सफर करने के लिए लगभग 1500-1600 रुपये का किराया लग सकता है।
एक्जीक्यूटिव चेयर कार: एक्जीक्यूटिव चेयर कार में सफर करने के लिए लगभग 2200-2500 रुपये का किराया लग सकता है।
कौन-कौन से स्टेशन होंगे
इस रूट पर कुल सात स्टेशन होंगे। इनमें रियासी, सवालकोट, संगलदान, रामबन, बनिहाल, काजीगुंज और बिजबेहरा रेलवे स्टेशन शामिल हैं।
ट्रेन की टाइमिंग
वंदे भारत: कटरा से सुबह 8:10 बजे और श्रीनगर से दोपहर 12:45 बजे रवाना होगी।
मेल/एक्सप्रेस: सुबह 9:50 बजे और दोपहर 3:10 बजे कटरा से तथा दोपहर 1:10 बजे और शाम 6:30 बजे श्रीनगर से रवाना होगी।
बता दें कि यह रूट कई चुनौतियों को पार करके बनाया गया है। इसमें 38 टनल और 927 पुल शामिल हैं। इस रूट के बनने से जम्मू-कश्मीर के पर्यटन को काफी बढ़ावा मिलेगा और दोनों राज्यों के बीच कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।
