Ayodhya News: अयोध्या में चंदा चोरी मामले के बाद एक और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। बता दें कि शहर में पुलिस ने सरयू नदी में नाव पर मांस खाने और शराब पीने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई उस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हुई, जिसमें चार लोग गुप्तार घाट के पास नदी में एक नाव पर मांस खाते और शराब पीते दिखाई दे रहे थे।
एक आरोपी की तलाश जारी (प्रतीकात्मक फोटो)
श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचाई
नगर क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) श्रीयश त्रिपाठी ने रविवार को बताया, "वीडियो में चार युवक मटन खाते और शराब का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं। इनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।" पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लवकुश निषाद, जितेंद्र निषाद और राजकुमार निषाद के रूप में की है। पुलिस का आरोप है कि इन लोगों ने नदी को पवित्र मानने वाले श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचाई।
पांच लोगों को गिरफ्तारी
गौरतलब है कि इससे पहले, जून में वाराणसी में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जब एक वीडियो में कुछ लोग गंगा नदी में नाव पर चिकन पकाते और बीयर पीते दिखाई दिए थे। इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था। दशाश्वमेध के सहायक पुलिस आयुक्त अतुल अंजन त्रिपाठी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए पांचों लोगों को जेल भेज दिया गया था और उनकी नाव जब्त कर ली गई थी।
गंगा नदी में नाव पर इफ्तार पार्टी
इससे पहले, मार्च में भी गंगा नदी में नाव पर इफ्तार पार्टी के दौरान कथित रूप से चिकन बिरयानी खाते हुए वीडियो सामने आने के बाद 14 लोगों को धार्मिक स्थल को अपवित्र करने और धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। यह कार्रवाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के युवा मोर्चा की नगर इकाई के अध्यक्ष रजत जायसवाल की शिकायत के आधार पर की गई थी।
बता दें कि हिंदू शास्त्रों और मान्यताओं के अनुसार, गुप्तार घाट वही पवित्र स्थान है जहां त्रेता युग में भगवान श्रीराम ने पृथ्वी पर अपनी लीला समाप्त कर सरयू नदी में जल समाधि ली थी और बैकुंठ धाम (वैकुंठ) को प्रस्थान किया था।
