उज्जैन : जिले के उन्हेल थाना क्षेत्र के ग्राम नागझिरी में पुराने मारपीट के एक मामले में पूछताछ करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, टीम आरोपी सरदार बंजारा के घर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी, उसके परिजनों और अन्य लोगों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थरों और डंडों से हमला कर दिया। घटना में सब-इंस्पेक्टर धारा सिंह चावड़ा समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।
उज्जैन पुलिस टीम पर हमला
उज्जैन ग्रामीण के एडिशनल एसपी करणदीप सिंह ने बताया कि पुलिस टीम पुराने मामले में पूछताछ के लिए गांव पहुंची थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया। घायलों में एक सब-इंस्पेक्टर, एक महिला प्रधान आरक्षक और दो आरक्षक शामिल हैं।
आठ के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने मामले में आठ लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया है। इनमें से दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि छह अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। एडिशनल एसपी करणदीप सिंह के मुताबिक, जिन लोगों से पूछताछ करने पुलिस टीम पहुंची थी, उनके खिलाफ पहले भी मारपीट और गाली-गलौज के मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
