Aligarh Dussehra Celebration: आज दशहरा के मौके पर देशभर में रावण का दहन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में भी रावण दहन को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं। आज यहां पर रावण, कुंभकरण और मेघनाथ का दहन तो होगा ही, इसके साथ ही लोगों को सोने की लंका भी दहन होते हुए दिखाई देगी। अलीगढ़ में पिछले एक महीने से दशहरे को लेकर तैयारियां शुरू हो गई थी। यहां के रावण के पुतले की खासियत ये है कि इसे तैयार करने वाला कारीगर एक मुस्लिम परिवार है। अलीगढ़ में पिछले तीन पीढ़ियों से दशहरे के लिए रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले बनाने का काम ये परिवार कर रहा है। इस काम में परिवार के आदमियों के साथ ही घर की औरतें भी पूरा साथ देती हैं।
अलीगढ़ में रावण के साथ लंका भी जलेगी (फोटो साभार- istock)
पुतले बनाने का पुश्तैनी काम
अलीगढ़ में पिछले तीन पीढ़ियों से अशफाक का परिवार रावण के पुतले बनाने का काम कर रहा है। अशफाक बुलंदशहर के रहने वाले हैं और अपने परिवार के साथ अलीगढ़ के नुमाइश मैदान में रह रहें हैं। उनके परिवार में 12 सदस्य हैं। अशफाक का परिवार पूरे जी जान से पुतलों को बनाने का काम करता है, इस बार के दशहरे के लिए पिछले एक महीने से ये लोग जुटे हुए हैं। अश्फाक के लिए उनका ये काम पुश्तैनी है जिसे वे पूरी लगन से करते हैं।
इस बार का दशहरा
अलीगढ़ के दशहरे में इस बार काफी कुछ नया देखने को मिलेगा। यहां के दशहरे उत्सव में इस बार रावण हंसता हुआ भी नजर आएगा, साथ ही इस बार भगवान राम बाण से रावण का वध करते हुए भी दिखेंगे। लोगों को इस बार दशहरे में लंका दहन भी देखने को मिलेगा। जिसके लिए यहां सारी तैयारियां हो चुकी हैं। आज रावण के दहन के साथ ही अच्छाई की बुराई पर जीत का मैसेज एक बार फिर लोगों के बीच पहुंचेगा।
