AAP in Chhattisgarh Elections 2023: छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) ने बड़ा सियासी दांव चला है। पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सूबेवासियों को अपनी गारंटियों के जरिए लुभाने का प्रयास किया है। उन्होंने 10 गारंटियों का ऐलान करते हुए कहा कि अगर उनकी सरकार राज्य में बनी तो वे ये सारी चीजें पूरी करेंगे। आप की इन 10 गारंटियों में 300 यूनिट प्रति माह मुफ्त बिजली का वादा है। सीएम ने कहा है कि वह प्रदेश में 24 घंटे बिजली मुहैया कराएंगे। साथ ही नवंबर तक बकाया बिजली के बिल भी माफ कर देंगे।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आप के संयोजक हैं। (क्रिएटिवः अभिषेक गुप्ता)
शुक्रवार (19 अगस्त, 2023) को सूबे की राजधानी रायपुर में स्थानीय लोगों के साथ टाउनहॉल कार्यक्रम में उन्होंने दावा किया- आप शरीफों की पार्टी है। दूसरे दलों में गुंडागर्दी होती है। जो बातें हम करते हैं...मुझे नहीं लगता कि कोई और वैसी बात करता होगा। आजादी के 76 साल हो गए, पर मैंने आज तक ऐसी पार्टी नहीं देखी जो स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे बुनियादी मसलों को लेकर वोट मांगती हो, पर आप इकलौता सियासी दल है जो मुद्दों की बात करता है।
बकौल केजरीवाल, "आपसे मेरी गुजारिश है कि हम नेता नहीं हैं। आम लोग हैं। न हमारे पास चुनाव लड़ने के लिए पैसे हैं और न ही हमें राजनीति करनी आती है। हमें बस एक बार राजनीति छोड़कर काम के लिए वोट देकर देखो। दिल्ली में माहौल यह है कि लोग कहते हैं कि 50 साल तक आप सरकार को कोई हटा नहीं सकता है। पंजाब में भी ऐसी ही बातें होती हैं। छत्तीसगढ़ में आप हमें एक मौका दे दो...फिर सारी पार्टियों को भूल जाओगे।"
सुनिए, केजरीवाल का पूरा भाषण:
फिलहाल छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस की सरकार है। आप के ताजा कदम से सूबे के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। सियासी जानकारों की मानें तो सूबे में कांग्रेस ही चैलेंजर है। ऐसे में आप विपक्षी खेमे के स्पेस में तेजी से उभरना चाहती है। केजरीवाल कांग्रेस की जगह लेना चाहते हैं और बीजेपी को टक्कर देने वाले मुख्य प्रतिद्वंदी बनना चाह रहे हैं।
हालांकि, इस सब के बाद भी कांग्रेस कुछ नहीं कर पा रही है। मौजूदा समय में वह दुविधा के दौर से जूझ रही है। उल्टा अपने नेताओं को ही समझा रही है कि शांत रहें। पर केजरीवाल इस दुविधा का लाभ ले रहे हैं। चूंकि, दिल्ली-पंजाब में उनकी आप पैर पसार चुकी है, लिहाजा अब उसके टारगेट पर छत्तीसगढ़ का विधानसभा चुनाव है।
वैसे, कांग्रेस के पूर्व चीफ और केरल के वायनाड से पार्टी सांसद राहुल गांधी दो सितंबर 2023 को सूबे का दौरा करेंगे, जबकि छह सितंबर को पार्टी अपने उम्मीदवारों की पहली जारी करेगी। ऐसे में यह देखना बड़ा दिलचस्प होगा कि जो आप और कांग्रेस केंद्रीय स्तर पर I.N.D.I.A के बैनर तले साथ हैं, क्या वह इस विधानसभा चुनाव में एक-दूसरे की खून की प्यासी बनती हुई दिखाई देंगी?
Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat
