Prayagraj Police Encounter: प्रयागराज में एसटीएफ ने बुधवार रात बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। एसटीएफ टीम के साथ मुठभेड़ में झारखंड का खूंखार अपराधी आशीष रंजन उर्फ छोटू ढेर हो गया। गंगानगर जोन के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के शिवराजपुर चौराहे पर यह मुठभेड़ हुई। जिसमें आशीष ने एसटीएफ टीम पर फायरंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस को उसके पास से एके 47, एक पिस्टल, भारी मात्रा में 9 एमएम कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
फाइल फोटो
4 लाख का इनामी अपराधी था आशीष रंजन
आशीष रंजन झारखंड का इनामी अपराधी है, जिसपर 4 लाख का इनाम घोषित था। आशीष धनबाद में जेसी मल्लिक रोड का रहने वाला था। एसटीएफ प्रयागराज टीम को सूचना मिली की अपराधी आशीष अपने साथी के साथ शिवराजपुर चौराहा थाना शंकरगढ़ के रास्ते प्रयागराज जाने वाला है, जहां पर वह किसी बड़ी घटना को अंजाम देने वाला है। इस सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने शिवराजपुर चौराहे के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की। लेकिन अपराधी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग की।
बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी
अपराधी आशीष ने एसटीएफ टीम पर एके 47 और पिस्टल से हमला किया। जिसमें प्रयागराज के तीन कर्मचारी और अधिकारी जेपी राय प्रभंजन व रोहित बाल-बाल बच गए। जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। जिसमें वह गोली लगने से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। लेकिन आशीष की मौत हो गई। पुलिस इस मामले में आगे की जरूरी कार्रवाई कर रही है।
