Campaign of Patna Municipal Corporation: पटना में वायु प्रदूषण के स्तर को कम करने के लिए नगर निगम ने कुछ निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत पूरे शहर में भवन निर्माण हरे रंग के कपड़े से ढंककर करना है। सड़क किनारे निर्माण सामग्री को भी ढंककर रखना है। फिलहाल जो लोग ऐसा नहीं कर रहे हैं, उन्हें 6 मार्च तक का समय दिया गया है। इसके बाद नियम का उल्लंघन करते हुए पकड़े जाने पर निगम द्वारा जुर्माना वसूला जाएगा। वहीं, सड़क किनारे खुली पड़ी सामग्री को जब्त कर लिया जाएगा।
पटना नगर निगम
6 मार्च की रात हर वार्ड में नगर निगम की 50 टीमें ऐसे भवनों को चिह्नित करेगी, जो पर्यावरणीय नियमों को तोड़ रहे हैं। रात में जियो टैगिंग के जरिए उसकी तस्वीर ली जाएगी और अगले दिन उनसे जुर्माना वसूला जाएगा। इस बारे में नगर निगम के आयुक्त अनिमेश कुमार पराशर के निर्देश पर हर वार्ड के लिए टीम गठित की जा रही है। यह टीम सभी वार्ड में एक साथ रात में भ्रमण करेगी।
