मार्च बीता नहीं कि पारा 40 का आंकड़ा छूने लगा है। मौसम विभाग ने ऐसी आशंका जताई है कि इस बार लू काफी तेज होने वाली है। ऐसे मौसम को देखते हुए बिहार के स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियों को लेकर एक राहत भरी खबर आई है। बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने एक बयान में पूर्व अपर मुख्य सचिव के.के. पाठक का फरमान बदलने की बात कही है।
गर्मी की छुट्टियों को लेकर बिहार सरकार का बड़ा फैसला
बिगड़ेगा मौसम
बिहार में इस बार गर्मी के तेवर जिस तरह सख्त होने वाले हैं, उसे लेकर मौसम विभाग की लगातार चेतावनी आ रही है। मार्च महीने की शुरुआत में ही मौसम विभाग ने राज्य में लू चलने को लेकर आशंका जता दी थी। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के चलते थोड़ी बारिश की वजह से ऐसा कुछ नहीं हुआ। फिलहाल हवा बदली है, जिसके कारण बिहार में गर्मी का असर दिखने लगा है। ऐसी आशंका है कि इस बार भीषण गर्मी पड़ने वाली है। ऐसे में बच्चों को होने वाली दिक्कतों से बचने के लिए सरकार ने गर्मी की छुट्टियों को लेकर नरमी बरती है।
लौटेंगी गर्मी की छुट्टियां
विधान परिषद में बिहार के स्कूल से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर बोलते समय प्रदेश के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने छुट्टियों से जुड़ी बात कही। कहा कि इस बार जब स्कूलों में गर्मी की छुट्टी होगी तो वो पूरी तरह से ही छुट्टी रहेगी। अलग से किसी भी तरह की कक्षाएं नहीं चलेंगी, यानी इस बार स्पेशल क्लासेज नहीं चलेंगी और छात्रों को स्कूल नहीं आना होगा।
बदला गया पुराना फैसला
बिहार में शिक्षा विभाग के पूर्व अपर मुख्य सचिव के. के. पाठक ने गर्मी की छुट्टी के दौरान भी स्कूल में विशेष कक्षाओं को चालू रखवाया था। जिसमें छुट्टियों के दौरान मिशन दक्ष के तहत विशेष कक्षा के लिए स्कूल खुले रहते थे। इसके तहत शिक्षकों को प्रतिदिन स्कूल आना था। राज्य में इसका ठीकठाक विरोध भी देखा गया था। अब इस फैसले को सरकार ने बदल दिया है।
