पटना: बिहार में अपराध का ग्राफ नीचे आने का नाम नहीं ले रहा है। अपराधियों के हौसले आसमान पर हैं। आए दिन हो रहीं हत्याएं पुराने बिहार की याद दिलाते हैं। लेकिन, सुशासन की सरकार होने के बावजूद इस पर लगाम लगता नहीं दिखाई दे रहा है। ताजा मामला पारस राय के हत्याकांड से जुड़ा है, जिसका सीसीटीवी सामने आया है, जिसमें बेखौफ हत्यारे वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं।
पारस राय हत्याकांड का CCTV वीडियो
पीछा कर ताबड़तोड़ बरसाईं गोलियां
दरअसल, दो दिन पहले दानापुर के नायटोला में हुए पारस राय के हत्या का सीसीटीवी लाइव वीडियो समाने आया है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि हत्या को अंजाम देने के लिए 6 लोग दो मोटरसाइकिलों पर आते हैं और पारस राय के घर लौटने के दौरान दरवाजे पर ही पीछा कर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिससे उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
हत्या की सारी तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गई है। इस मामले में दानापुर एएसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पारस राय हत्याकांड में मृतक के पुत्र की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। गोतिया भाई शंभू राय समेत 9 लोगों को नामजद किया गया है। इस मामले में पुलिस छापेमारी कर रही है।
