बदल जाएगा बिहार के इस एयरपोर्ट का नाम! जननायक से जुड़ा कनेक्शन; क्या होगा नया पता

Bihta Airport: राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने बिहटा एयरपोर्ट का नामकरण जननायक कर्पूरी ठाकुर के नाम पर करने की मांग उठाई है। उन्होंने इस संदर्भ में राज्यसभा में केंद्र सरकार के सामने एक प्रस्ताव रखा है

Bihta Airport: पटना राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में जननायक कर्पूरी ठाकुर की 37वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उनके तैल चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर का जीवन गरीबों और दबे कुचले लोगों के लिए समर्पित था। वह हमेशा समाज के सबसे कमजोर वर्ग के साथ खड़े रहते थे। आज इस दिन उन्हें याद करते हुए हम उनसे प्रेरणा ग्रहण करते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित करने की सराहना करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने कर्पूरी ठाकुर के समर्पण और उनके योगदान को सम्मानित किया, इसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।

Bihta Airport

बिहटा एयरपोर्ट (फाइल फोटो)

उपेंद्र कुशवाहा ने पटना के बिहटा में बन रहे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम जननायक कर्पूरी ठाकुर के नाम पर रखने की मांग की है। उन्होंने इस संदर्भ में राज्यसभा में केंद्र सरकार के सामने एक प्रस्ताव रखा है और कहा कि वे इस प्रस्ताव को साकार करने के लिए पूरी कोशिश करेंगे। कुशवाहा ने कहा कि यह सिर्फ मेरा व्यक्तिगत प्रस्ताव नहीं है, बल्कि यह बिहार की समृद्धि और गौरव का सवाल है। मैं बिहार के सभी दलों के नेताओं से अपील करता हूं कि कर्पूरी ठाकुर के सम्मान में मेरी इस मुहिम में साथ दें। यह कोई दल विशेष की मांग नहीं है, बल्कि यह बिहार के लिए की जा रही है। जैसे आरक्षण और जातीय गणना के मामले में सभी दलों ने एकजुट होकर समर्थन किया था, उसी तरह कर्पूरी ठाकुर के नाम पर बिहटा एयरपोर्ट का नाम रखने की इस मुहिम में भी सभी दलों को मिलकर एक आवाज उठानी चाहिए।

End of Feed