Bihar Violence: उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी, ये किसी ने जानबूझकर किया है, बोले नीतीश कुमार

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Apr 1, 2023, 02:56 PM IST

Nitish Kumar on Bihar Violence: रामनवमी के दौरान बिहार के सासाराम और नालंदा में जमकर हिंसा हुई। इस पर शनिवार को बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि यह जानबूझकर किया गया है। उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Nitish Kumar on Bihar Violence: रामनवमी के दौरान सासाराम और नालंदा में हिंसा की घटनाओं पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि दुख की बात है। हमें कल जैसे ही पता चला अलर्ट होकर तेजी से काम किया गया। उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ये किसी ने जानबूझकर किया है, हमने कहा है कि इस बारे में पता लगाया जाए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बिहार दौरा रद्द किए जाने पर नीतीश कुमार ने का कि कोई भी केंद्र के मंत्री बिहार आते हैं तो उनको सुरक्षा दी जाती है। राज्य सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाती है। हम इन चीजों का ध्यान रखते हैं, वे(बीजेपी) लोग ध्यान न रखें वो अलग बात है।

बिहार के सासाराम और नालंदा में गुरुवार को रामनवमी पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान भड़की सांप्रदायिक हिंसा के सिलसिले में अब तक 45 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि सासाराम और नालंदा में सामान्य स्थिति बहाल कर दी गई है। लेकिन वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों में ऐहतियातन डेरा डाले हुए हैं और भारी संख्या में बलों की तैनाती भी बरकरार रखी गई है। रोहतास के जिला मुख्यालय सासाराम में हिंसा और आगजनी के सिलसिले में 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, बिहार शरीफ में, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा का मुख्यालय है, हिंसा के सिलसिले में 27 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

End of Feed