Bihar News: बिहार की राजधानी पटना से सटे बख्तियारपुर दियारा क्षेत्र में बाढ़ राहत सहायता राशि के वितरण में गंभीर लापरवाही सामने आई है। जानकारी के अनुसार, बाढ़ पीड़ितों के लिए निर्धारित सात-सात हजार रुपये की राशि कई ऐसे लोगों के बैंक खातों में भेजी गई है, जिनकी मौत 2024 से पहले ही हो चुकी है। यह मामला हरदासपुर दियारा, कालादियारा, रूपस महाजी, चिरैया रूपस और रामनगर सतभैया पंचायतों से जुड़ा हुआ है।
सांकेतिक फोटो ( PTI )
100 लोग पंचायत से बाहर के निवासी
हिंदुस्तान में छपी खबर के अनुसार, स्थानीय मुखिया मनोज कुमार ने खुलासा किया कि उनके पंचायत में करीब सौ लोग ऐसे हैं, जो वास्तव में वहां के निवासी नहीं हैं, जबकि आठ से दस ऐसे नाम भी सूची में शामिल किए गए हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाढ़ पीड़ितों की सूची तैयार करते समय अनुश्रवण समिति की राय नहीं ली गई और न ही मुखिया से मृतकों या वास्तविक परिवारों की जानकारी मांगी गई।
इस गड़बड़ी का खुलासा तब हुआ जब मृतक राम बालक राय, दीना राय, कैलाश राय, राम किशुन राय और अलखदेव राय के खातों में राहत राशि भेजी गई। मामले की जानकारी मिलते ही मुखिया ने अधिकारियों को इसकी सूचना दी। वहीं, बख्तियारपुर के सीओ निरंजन कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और यदि आवश्यक हुआ तो मृतकों के खातों में भेजी गई राशि वापस ली जाएगी।
