Panipat News: हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा उपमंडल में मंगलवार रात बदमाशों ने सरेआम गुंडागर्दी की। बताया जा रहा है कि पुरानी गुड़ मंडी स्थित मशहूर 'राजेंद्र मित्तल गाजरपाक' की दुकान पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने ताबड़तोड़ पांच राउंड की फायरिंग की। बदमाशों ने कारोबारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। पुलिस से बेखौफ इन आरोपियों ने इस रकम को देने के लिए दो दिन का अल्टीमेटम भी दिया है। इस दौरान बदमाशों ने दुकान के शीशे टोड़े, जिसमें दुकान के मालिक मनोज मित्तल घायल हो गए हैं।
बर्फी खरीदने के बहाने थमा दी रंगदारी की पर्ची
यह वारदात मंगलवार रात करीब 9 बजे की है। राजेंद्र मित्तल के बेटे मनोज मित्तल दुकान के काउंटर पर बैठे थे, तभी दो युवक बर्फी खरीदने के बहाने अंदर दाखिल हुए। उन्होंने मनोज को एक पर्ची थमाई, जिस पर लिखा था— "मैं शीलू डाहर हूं, तेरे से एक करोड़ रुपये चाहिए। तेरे पास दो दिन का समय है। पैसे नहीं दोगे तो मार दिया जाएगा। पुलिस के पास जा या कहीं भी जा, पैसे देने से ही काम चलेगा।" पर्ची के नीचे सुनील डाहर का नाम लिखा था।
गोलीबारी में बाल-बाल बचे कारोबारी
धमकी भरी पर्ची देने के तुरंत बाद बाहर खड़े उनके तीसरे साथी के साथ मिलकर बदमाशों ने दुकान पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने एक के बाद एक पांच राउंड फायर किए। हमलावरों का निशाना सीधे मनोज मित्तल थे, लेकिन गनीमत रही कि गोलियां दुकान के सामने लगे मोटे शीशे पर लगीं। हालांकि, शीशा टूटने के कारण उसके कांच लगने से मनोज घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में भारी दहशत फैल गई और व्यापारियों ने सुरक्षा को लेकर रोष जताया।
इलाके में दहशत का माहौल
सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के तीन खोल बरामद किए हैं। घायल दुकानदार को तुरंत सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और शीलू डाहर गैंग के नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रंगदारी और जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं।
