नोएडा में यमुना किनारे बने गांवों में मंडराया बाढ़ का खतरा, प्रशासन ने उठाया ये कदम

दिल्ली और आसपास के राज्यों में लगातार हो रही बारिश के चलते यमुना नदी उफान पर है। जिससे गौतमबुद्ध नगर जिले के कुछ गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। ऐसे हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने जेवर और रबूपुरा में पांच जगहों पर बाढ़ चौकियां बनाई हैं। फिलहाल स्थिति काबू में बताई जा रही है।

Flood Alert in Noida: यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण गौतमबुद्ध नगर जिले के कुछ गांवों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है जिसे देखते हुए जिला प्रशासन ने जेवर और रबूपुरा क्षेत्र में पांच स्थानों पर बाढ़ चौकियां स्थापित की हैं। अधिकारियों ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर जिले के लिए भी दिल्ली का पुराना रेलवे पुल यमुना नदी के प्रवाह और संभावित बाढ़ के खतरों पर नजर रखने के लिए एक प्रमुख अवलोकन बिंदु के रूप में कार्य करता है। इसके माध्यम से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के अधिकारी आपस में समन्वय बनाए रखते हैं।

Yamuna

यमुना नदी के किनारे स्थित गांवों में बाढ़ का खतरा (ANI)

न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार, सोमवार दोपहर को यमुना का जलस्तर पुराने रेलवे पुल पर 205.55 मीटर तक पहुंच गया था, जो खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर है, और तब से जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। अधिकारियों के अनुसार, गौतमबुद्ध नगर जिले में यमुना नदी से सटे गांव जैसे फलैदा खादर, करौली बांगर, मेहंदीपुर, सिरौली बांगर, पलाहका और बेगमाबाद आदि के पास नदी का पानी खेतों की ओर बढ़ने लगा है।

End of Feed