कोल्हापुर: गोवा से छत्रपति संभाजी नगर जा रही एक निजी बस कांडगांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में बस में सवार एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है, जहां 4 लोगों की हालत अधिक गंभीर बताई जा रही है।
कोल्हापुर में प्राइवेट बस पलटी
गोवा से लौट रही थी बस
जानकारी के मुताबिक, छत्रपति संभाजी नगर स्थित एक कंपनी में काम करने वाले ये सभी लोग घूमने के लिए गोवा गए थे। गोवा से लौटते वक्त कांडगांव में एक तीखे मोड़ पर बस पलट गई और हादसा हो गया। देर रात होने के चलते राहत बचाव कार्य में काफी देर हो गई। हालांकि, स्थानीय पुलिस ने सभी घायलों को बस से बाहर निकाल कर कोल्हापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सभी का इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मृतक के परिजन को सूचित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सभी घायलों के परिजनों को भी सूचित किया गया है। हालांकि, कुछ गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए अन्य हॉस्पिटल में शिफ्ट किया जा सकता है। जानकारी के मुताबिक, रात्रि का वक्त था, लिहाजा ज्यादातर यात्री सो रहे थे। माना जा रहा है कि ड्राइवर भी मोड़ को भांप नहीं पाया और तेजी से गाड़ी मोड़ दी, जिससे अनियंत्रित होकर बस पलट गई। बस के पलटते ही चीख पुकार मच गई। राहगीरों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने राहगीरों की मदद से सभी को बस से बाहर निकाल कर तुरंत इलाज के लिए भेज दिया।
