Maharashtra: लंदन से लाए जा रहे छत्रपति शिवाजी महाराज के 'वाघ नख' का महाराष्ट्र के सातारा जिले में भव्य स्वागत होगा। इस दौरान 'वाघ नख' को एक बुलेट प्रूफ कवर में रखा जाएगा। महाराष्ट्र के मंत्री शंभूराज देसाई ने यह जानकारी दी।
वाघ नख
मंत्री शंभूराज देसाई ने कहा कि छत्रपति शिवाजी द्वारा इस्तेमाल किए गए बाघ के पंजे के आकार के हथियार 'वाघ नख' को शुक्रवार को सातारा लाया जाएगा और उसका भव्य स्वागत किया जाएगा। आबकारी मंत्री ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि लंदन के एक संग्रहालय से लाए जा रहे इस हथियार में ‘बुलेट प्रूफ’ कवर होगा।
सातारा में रखा जाएगा 'वाघ नख'
उन्होंने बताया कि इसे सात महीने के लिए सातारा के एक संग्रहालय में रखा जाएगा। सातारा के संरक्षक मंत्री देसाई ने मंगलवार को जिले के छत्रपति शिवाजी संग्रहालय में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि वाघ नख 19 जुलाई को लंदन के संग्रहालय से शाहनगरी (सातारा) लाया जा रहा है। देसाई ने कहा कि महाराष्ट्र में वाघ नख का लाया जाना प्रेरणादायक क्षण है और इसका सातारा में भव्य स्वागत किया जाएगा।
(इनपुट: भाषा)
