Monsoon 2026: राजस्थान में जल्द लौटेगा मानसून, ओडिशा-हिमाचल में अलर्ट तो छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रेलवे ट्रैक और सड़कें पानी में डूबीं

मौसम के बदलते मिजाज के बीच मानसून के दोबारा एक्टिव होने से राजस्थान में अगले हफ्ते से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भारी बारिश से जनजीवन बेहाल है तो हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है।

Monsoon 2026: देश के कई राज्यों में मानसून का अलग-अलग असर दिख रहा है, जिससे कहीं भारी तबाही तो कहीं गर्मी का दौर जारी है। राजस्थान में फिलहाल मानसून कमजोर है और गर्मी बढ़ रही है, लेकिन अगले सप्ताह से यहां इसके दोबारा सक्रिय होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मूसलाधार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात हैं, जिससे रेल-सड़क यातायात और स्कूल पूरी तरह ठप हो गए हैं। दूसरी ओर, हिमाचल प्रदेश के पांच जिलों में मौसम विभाग ने भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Monsoon 2026

मानसून से कहीं राहत तो कहीं आफत (AI फोटो)

राजस्थान में अगले हफ्ते से एक्टिव होगा मानसून

राजस्थान में इस हफ्ते कमजोर रहे मानसून के अगले सप्ताह फिर एक्टिव होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले दो से तीन दिनों तक मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है। हालांकि, पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में 21 जुलाई से बारिश संबंधी गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि 22 और 23 जुलाई से राज्य के पश्चिमी तथा मध्य भागों में भी वर्षा की गतिविधियां तेज होने की पूरी संभावना है। जुलाई के आखिरी हफ्ते में पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में भी मानसून के जोर पकड़ने की उम्मीद है। इस बीच, शुक्रवार को दिन में कोटा में 16.6 मिलीमीटर और डूंगरपुर में 12.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं, राज्य में अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 41.8 डिग्री सेल्सियस, चूरू में 41.1 डिग्री सेल्सियस और बीकानेर में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

End of Feed