महोबा स्थित एक प्राइमरी स्कूल से हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें मिड डे मील में बंटने वाले दूध में पानी मिलाकर पिलाने का खुलासा हुआ है। वीडियो में रसोइया एक बाल्टी पानी में महज दो पैकेट (500 ग्राम) दूध मिलाकर बच्चों को दिया गया। ये सब प्रधानाचार्य की मौजदूगी में हो रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया, जो बीएसए तक पहुंच गया। बीएसए राहुल मिश्रा ने संबंधित के खिलाफ जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
महोबा में मिड-डे मील से मजाक
विद्यालय में सोती नजर आई प्रिंसिपल
वीडियो सदर तहसील ढिकवाहा गांव के प्राथमिक विद्यालय का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया में वायरल दो अन्य वीडियो में विद्यालय की शिक्षिका सोते नजर आ रहीं हैं। मिड-डे मील के बजट में कटौती कर मासूमों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ हो रहा है। मिड-डे मील की हकीकत उजागर करता वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में रसोईया एक बाल्टी पानी में दो पैकेट दूध मिलती नजर आ रही है। इसी दौरान ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वायरल वीडियो में एक रसोइया पानी से भरी बाल्टी में दो पैकेट दूध डालती नजर आ रही है। इसके बाद इस हल्के सफेद रंग के मिश्रण को बच्चों में बांटा गया। वीडियो में प्रधानाचार्य बच्चों को दूध पीने के लिए बुलाती भी सुनाई दे रही है, जिसको साफ तौर पर सुना जा सकता है। इस दौरान वहां शिक्षकों का स्टॉफ के मौजूद होना भी समझ आ रहा है, जो बच्चों को निर्देश देते नजर आ रहे हैं।
मीडिया खबरों के मुताबिक, ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में केवल भोजन ही नहीं, बल्कि शिक्षा की क्वालिटी बेहद गिरती जा रही है। प्रधानाचार्य अक्सर सोती नजर आती हैं और नियमों को ताक पर रखकर मनमाने ढंग से स्कूल चलाती हैं। वहीं, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल मिश्रा का कहना है कि एक वीडियो संज्ञान में आया है, जिसकी जांच कराई जा रही है, जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
