Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची से एक बड़ी घटना सामने आई है। खादगढ़ा बस स्टैंड में खड़ी कई बसों में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में छह बसें इसकी चपेट में आ गईं और पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। हालात को काबू में करने के लिए स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। इस घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
रांची में 6 बसें जलकर खाक (फोटो: ANI)
6 बसें जलकर खाक
यह घटना खादगढ़ा टीओपी क्षेत्र की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस स्टैंड में खड़ी एक बस से पहले धुआं उठता नजर आया, जिसके बाद अचानक आग की तेज लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने पास में खड़ी अन्य बसों को भी अपनी चपेट में ले लिया। जानकारी के अनुसार, एलडी मोटर, किरण, संजय सुपर और झारखंड पर्यटक की दो बसों सहित कुल छह बसें इस आग में जल गईं। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर से ही काला धुआं उठता दिखाई दे रहा था।
घटना से मची अफरातफरी
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। पानी और बालू की मदद से लपटों पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि ये कोशिश सफल नहीं हो सके। बस स्टैंड में मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखाई दिए। हालात बिगड़ते देख तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर रवाना हुईं और आग पर नियंत्रण पाने की कार्रवाई शुरू की गई।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
वहीं, आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। खादगढ़ा टीओपी की पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया, ताकि किसी प्रकार की अतिरिक्त जान-माल की हानि न हो। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस और अग्निशमन विभाग की जांच के बाद ही हो सकेगी। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन बस मालिकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
