Mangaluru: मंगलूरु के पांदेश्वर इलाके में बुधवार रात भारी बारिश होने से बिजली का तार टूटकर सड़क पर गिर गया। जिसके संपर्क में आकर दो ऑटो चालकों की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस आयुक्त अनुपम अग्रवाल ने'पीटीआई भाषा' को बताया कि पुलिस को बृहस्पतिवार सुबह सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि यह घटना रात लगभग नौ बजे हुई। उन्होंने बताया कि मृत दोनों आटो चालकों की पहचान हासन निवासी राजू (50) दक्षिण कन्नड़ के पुत्तूर निवासी देवराज (46) के रूप में हुई है। दोनों पांदेश्वर इलाके में किराए के मकान में रहते थे। पुलिस आयुक्त ने बताया कि राजू अपने ऑटो रिक्शा को सुरक्षित जगह पर खड़ी करने के लिए रात में घर से बाहर निकले थे। तभी तेज बारिश के चलते बिजली का तार टूटकर उन पर गिर पड़ा।
प्रतिकात्मक तस्वीर
करंट से दो लोगों की मौत
अग्रवाल के अनुसार राजू की चीख-पुकार सुनकर उनके साथी देवराज उन्हें बचाने दौड़े लेकिन करंट की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई पुलिस आयुक्त अनुपम अग्रवाल ने बताया कि यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई है और उसके आधार पर पांदेश्वर थाने में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है। राजू और देवराज के शव अंत्य परीक्षण के बाद उनके परिजनों को सौंप दिये गए हैं।
भारी बारिश से तूटे तार
कर्नाटक के तटीय जिलों में पिछले लगभग दो सप्ताह से तेज बारिश हो रही है जिसके चलते यहां आम जनजीवन अस्तव्यस्त है। आज अत्यंत भारी वर्षा की मौसम विभाग की चेतावनी के दक्षिण कन्नड़ जिले में सभी प्राथमिक और उच्च विद्यालयों और आंगन बाड़ियों में छुट्टी घोषित कर दी गयी है।
मौसम विभाग ने दी चेतावनी
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को तटीय कर्नाटक में भारी बारिश होने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की आशंका जताई है। इसके अलावा मौसम विभाग ने 28 जून से 30 जून तक भी कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ समेत सभी तटीय जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
इनपुट-भाषा
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
