पटना में अपराधियों का तांडव! पैक्स अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, प्रखंड प्रमुख के पति पर भी हमला

पटना में दो बाइक पर सवार अपराधियों ने प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार उर्फ प्वाइजन और पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भानु पर फायरिंग की। इलाज के दौरान संजीत कुमार की मौत हो गई, जबकि पिंटू कुमार घायल हैं।

Patna Shooting Case: बिहार की राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र के व्यापुर गांव में रविवार रात बाइक सवार अपराधियों ने प्रखंड प्रमुख के पति और पैक्स अध्यक्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस सनसनीखेज घटना में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भानु की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार उर्फ प्वाइजन गंभीर रूप से घायल हैं। उनका इलाज दानापुर के सगुना मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

patna firing

मनेर में दो लोगों पर फायरिंग

घटना रविवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, पिंटू कुमार और पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार अपने दलान पर बैठे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार होकर चार अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और दोनों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब एक दर्जन राउंड फायरिंग की। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान संजीत कुमार उर्फ भानु ने दम तोड़ दिया। वहीं, पिंटू कुमार की जांघ में गोली लगी है और उनका उपचार जारी है।

End of Feed