CJP Protest: दिल्ली में 20 जुलाई को हुए 'चलो संसद' प्रदर्शन का असर मध्य प्रदेश विधानसभा में भी दिखाई दे रहा है। विधानसभा में बुधवार को विपक्षी कांग्रेस ने जंतर-मंतर पर छात्रों के खिलाफ पुलिसिया एक्शन और दिल्ली में कांग्रेस नेताओं की हिरासत में मुद्दे पर चर्चा की मांग खारिज होने के बाद जमकर हंगामा किया।
मध्य प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस नेताओं का प्रदर्शन (फोटो साभार: @INCMP)
मानसून सत्र के तीसरे दिन नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इन मुद्दों पर तत्काल चर्चा की मांग को लेकर स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया। हालांकि, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने नियमों का हवाला देते हुए प्रस्ताव को खारिज कर दिया।
वेल में आ गए कांग्रेसी विधायक
इसके बाद कांग्रेस के विधायक वेल में आ गए और नारेबाजी करने लगे। विधानसभा अध्यक्ष ने कई बार विधायकों से अपनी सीटों पर लौटने की अपील की, लेकिन जब वे नहीं माने तो उन्होंने सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी।
इससे पहले, नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि जिन घटनाओं को लेकर कांग्रेस चर्चा की मांग कर रही है, वे मध्य प्रदेश सरकार के अधिकार क्षेत्र से बाहर हुई हैं। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने भी कहा कि इन मुद्दों पर विधानसभा में चर्चा नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक केवल पब्लिसिटी के लिए इन मुद्दों को उठा रहे हैं।
मध्य प्रदेश के सवा लाख छात्रों ने दी थी NEET परीक्षा
वहीं, उमंग सिंघार ने कहा कि मध्य प्रदेश से लगभग 1.25 लाख छात्रों ने नीट की परीक्षा दी थी और पेपर लीक की वजह से राज्य के कई छात्र प्रभावित हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि जब छात्र दिल्ली में अपने मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, तब राज्य के एक वरिष्ठ मंत्री ने उनके लिए आपत्तिजनक टिप्पणी की और उन्हें "कॉकरोच और कीड़े-मकौड़े" कहा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: '10 साल में 152 पेपर लीक की हुईं घटनाएं', मोदी सरकार पर बरसे राहुल गांधी, बोले- धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हो
खेल और युवा मामलों के मंत्री विश्वास सारंग ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि किसी भी मंत्री ने ऐसा बयान नहीं दिया है। इससे पहले, कांग्रेस विधायक सदन में काली पट्टी बांधकर पहुंचे। वह दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की पिटाई का विरोध कर रहे थे।
सनद रहे कि सीजेपी ने नीट पेपर लीक को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी। इसके अलावा, लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कांग्रेस ने अन्य नेताओं को हिरासत में लिया गया था।
