Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस ने मुठभेड़ में वाहन चोरी करने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान इनमें से एक बदमाश को गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बदमाशों के पास दस गाड़ियां जब्त की है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि चोरों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा था। हमारे जिले की एसओजी की टीम और थाना कोतवाली की टीम ने संयुक्त ऑपरेशन करके तीन चोरों को पकड़ा है। इनमें से एक के पैर में गोली लगी है।
बरेली में पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार
पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में घायल एक बदमाश का नाम तस्लीम उर्फ मुन्ना है, जो बरादरी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। दूसरे का नाम इमरान है, इस पर दस मुकदमे हैं। इनका एक साथी तौकीब है, उस पर आठ मुकदमे हैं। इनके पास से दस वाहन बरामद हुए हैं, जिनमें से नौ मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा है। साथ ही एक इंजन भी बरामद हुआ है। एक डाई बरामद हुई है, जिससे यह नंबर बदलते हैं। पुलिस ने बताया कि वाहनों के अलावा बदमाशों के पास से नंबर प्लेट और तमंचा भी बरामद हुआ है। इन तीनों को विधिक कार्यवाही करते हुए जेल भेजा जा रहा है।
टीम को मिलेगा 12 हजार का पुरस्कार
पुलिस अधीक्षक ने टीम के लिए 12 हजार का पुरस्कार घोषित किया है। इन वाहन चोरों की तलाश पुलिस को कई दिनों से थी। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात इंस्पेक्टर को मुखबिर से सूचना मिली कि इस्लामिया ग्राउंड के खंडहरनुमा भवन में कुछ लोग चोरी की मोटरसाइकिलों के रजिस्ट्रेशन और चेसिस नंबर में छेड़छाड़ कर रहे हैं।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर पकड़ने की कोशिश की, तो एक आरोपी ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई तो बारादरी के रबड़ी टोला निवासी तस्लीम उर्फ मुन्ना के पैर में गोली लग गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस इनकी काफी दिनों से तलाश कर रही थी। शनिवार को मौका मिलते ही इन्हें धर दबोचा गया। इसके पीछे और कौन-कौन शामिल है, इसका खुलासा भी पूछताछ के दौरान होगा।
(इनपुट - आईएएनएस)
