Yamuna Expressway Accident: मथुरा में सोमवार तड़के को भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां यमुना एक्सप्रेसवे पर एक कार और अज्ञात वाहन में जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई और 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। कार सवार दिल्ली के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
मथुरा में भीषण हादसा
आगरा से दिल्ली जा रही थी कार
यह हादसा थाना राया क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेवे के माइल स्टोन 110 में हुआ। जानकारी के अनुसार वैगनआर कार आगरा से दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी दौरान कार अपने आगे चल रहे एक वाहन में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कार में पांच लोग सवार थे जो बुरी तरह से घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान नई दिल्ली के स्वरूप नगर निवासी पंकज वर्मा, बिहार छपरा सारण के रसूलपुर निवासी रोहित और दरभंगा के अरइला निवासी भवेश के तौर पर हुई है। वहीं घायलों में नई दिल्ली के बुराड़ी निवासी निर्मल कुमार और द्वारका मोड़ निवासी अंकित शामिल हैं।
