UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड लोगों की कपकपी छुड़ा रही है। साथ ही शीतलहर का कहर भी जारी है। जिससे दिन में भी ठंड से ज्यादा राहत नहीं मिल रही है। गुरुवार को प्रदेश में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के करीब पहुंच गया। चुर्क में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री दर्ज किया गया। साथ ही कानपुर, वाराणसी और इटावा का पारा भी इसी के आसपास दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के चलते मैदानी क्षेत्रों में कोल्ड डे की स्थिति देखने को मिल रही है। अगले 5 दिनों में यूपी के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री का उछाल आने की संभावना है। जिससे भीषण सर्दी से भी लोगों को हल्की राहत मिल सकती है।
यूपी में मौसम
घने कोहरे से घटी विजिबिलिटी
उत्तर प्रदेश में आज कई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिल रहा है। कोहरे के चलते विजिबिलिटी भी घट गई है। जिससे यातायात पर भी प्रभाव पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आज कहीं भी घने कोहरे की चेतावनी जारी नहीं की थी। साथ ही शीतलहर और कोल्ड डे का अलर्ट भी जारी नहीं किया गया है। शुक्रवार को यूपी में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है। हालांकि उसके बाद 3 से 5 डिग्री का इजाफा देखने को मिल सकता है।
6 जनवरी को हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार यूपी में 4 और 5 जनवरी को भी मौसम साफ रहने की संभावना है। साथ ही सुबह के समय छिछला से मध्यम कोहरा भी रह सकता है। इस दौरान किसी तरह की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई। 6 जनवरी को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दिन पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि इस दौरान पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। वहीं सुबह के समय छिछला से मध्यम कोहरा रहने की संभावना है। 7 और 8 जनवरी को भी मौसम शुष्क रहने के ही आसार हैं।
अधिकतम तापमान में गिरावट से दिन में ठंडा
यूपी में तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। बीते कुछ दिनों से यहां अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। जिसकी वजह से दिन में भी जोरदार ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग की ओर से गुरुवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार सबसे कम अधिकतम तापमान नजीबाबाद में 13 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा बरेली में अधिकतम तापमान 13.3 डिग्री और शाहजहांपुर में 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान चुर्क में 4.6 डिग्री, फुरसतगंज में 4.9 डिग्री, कानपुर सिटी में 5 डिग्री, अयोध्या में 5.5 डिग्री, और वाराणसी में 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
