कानपुर में शोभा यात्रा पर बवाल! छतों से फेंके गए ईंट-पत्थर; पुलिस ने क्या बताया?

कानपुर में शोभा यात्रा के दौरान नई सड़क पर छतों से ईंट और पत्थर फेंकने के आरोप को पुलिस ने अफवाह बताया है। पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील के साथ ही कथित पथराव के पीछे की सच्चाई का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी है।

कानपुर : रामनवमी की शोभा यात्रा पर पथराव के दावों के बाद रविवार शाम को कानपुर के नई सड़क इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई। हालांकि पुलिस ने इसे "अफवाह" करार दिया है और कहा है कि स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील के साथ ही कथित पथराव के पीछे की सच्चाई का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) श्रवण कुमार सिंह ने पत्रकारों से कहा कि शोभा यात्रा के आयोजकों की ओर से एक लिखित शिकायत मिली है जिसमें दावा किया गया है कि शोभा यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं पर नई सड़क के नज़दीक चंद्रेश्वर हाता के पास की इमारत की छत से पथराव किया गया। इलाके से भागते हुए कुछ लोगों का एक कथित वीडियो सामने आने के बाद यह अफवाह फैली। प्रथम दृष्टया यह अफवाह लग रही है, क्योंकि किसी को ईंट या पत्थर नहीं लगे हैं।

stone pelting on Kanpur Shobha Yatra

कानपुर में शोभा यात्रा (फाइल फोटो)

शांति की अपील

डीसीपी ने बताया कि हमने उचित निरीक्षण किया है और सीसीटीवी फुटेज और वीडियो की जांच की है, लेकिन अभी तक आरोपों की पुष्टि करने वाला कोई सबूत नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि मीडियाकर्मियों सहित सभी से अनुरोध किया गया है कि वे वीडियो फुटेज और तस्वीरें उपलब्ध कराएं, जिससे आरोपों की पुष्टि हो सके और पुलिस को कार्रवाई करने में मदद मिल सके। हमने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

End of Feed