°CKal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : मौसम के लिहाज से अगले 3 से 4 दिन काफी अहम हैं। आईएमडी ने उत्तर भारत के साथ देश के विभिन्न राज्यों में मौसम का मिजाज बिगड़ने के संकेत दिए हैं। खासकर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। इस दौरान गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। मौसम में बदलाव के चलते अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कमी आने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी हद तक राहत मिलेगी। उधर, पहाड़ी राज्य जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश की संभावना है। स्काईमेट ने अगले 24 घंटे के लिए पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि पूर्वोत्तर के राज्य ओडिशा, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल में मानसून के असर से तेज हवाएं, ओलावृष्टि के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होगी। इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, झारखंड, तमिलनाड, केरल, तेलंगाना, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और गोवा में हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है। देशभर में जारी मौसमी गतिविधियों से तापमान में कमी आने की संभावना है।
कल का मौसम
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 28 °C | 37 °C |
| मुंबई | 28 °C | 31 °C |
| पटना | 29 °C | 37 °C |
| भोपाल | 24 °C | 34 °C |
| जयपुर | 28 °C | 36 °C |
| चंडीगढ़ | 25 °C | 37 °C |
| शिमला | 14 °C | 24 °C |
| देहरादून | 21 °C | 33 °C |
| कश्मीर | 8 °C | 17 °C |
| चेन्नई | 28 °C | 33 °C |
| बेंगलुरु | 21 °C | 25 °C |
यूपी कल का मौसम कैसा रहेगा?
उत्तर प्रदेश में अगले 2 दिन तक गरज के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। आईएमडी ने इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। राज्य तेज हवाओं के झोकों और बारिश से तापमान में थोड़ी गिरावट की संभावना है, जिससे लोगों उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। 2 दिन तक 60 जिलों, खासकर राज्य के पूर्वी और तराई क्षेत्रों तेज हवा, गरज, बिजली चमकने और बूंदाबांदी का अनुमान है। खराब मौसम से प्रभावित होने वाले जिलों में फतेहपुर, बांदा, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, आजमगढ़, मऊ, बलिया, कुशीनगर सहित 60 से ज्यादा जिले शामिल हैं।
बिहार में बारिश का अलर्ट
बिहार में भी मौसमी गतिविधियां जारी हैं। आईएमडी ने राज्य के अधिकतर जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ बूंदाबांदी और बारिश की संभावना व्यक्त की हैं। इस दौरान तेज रफ्तार से हवाएं चलने के साथ गरज चमक देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने 30 और 31 मई को खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। करीब 32 जिलों में आंधी और ठनका (आकाशीय बिजली) की पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और सावधान रहने की अपील की है।
दिल्ली-एनसीआर कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने हल्की से तेज बारिश के साथ तेज आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50-60 किमी प्रति घंटा तेज हवाएं चल सकती हैं। लिहाजा, तूफानी मौसम के दौरान घर के अंदर रहने, पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने, तथा दुर्घटनाओं या क्षति से बचने के लिए बाहर पड़ी वस्तुओं को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, पूरे दिन आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और शहर के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
दिल्ली में कितना प्रदूषण?
दिल्ली की एक्यूआई गुरुवार को मध्यम श्रेणी में रही, और एक्यूआई शाम 4 बजे 151 दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले इसी समय मापे गए 133 से थोड़ा खराब था।
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान के अनेक इलाकों में बादल छाए रहने और कहीं कहीं बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार को भी बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ भागों में बादल छाए रहने तथा बादलों की गरज के साथ कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। 31 मई से एक जून के दौरान आंधी बारिश की गतिविधियों में कमी होने ने तथा पूर्वी राजस्थान में छिटपुट स्थानों पर आंधी बारिश दर्ज होने की संभावना है। दो जून से फिर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने व 2-4 जून के दौरान दोपहर बाद तेज बादल गरजने, 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने तथा बारिश होने की प्रबल संभावना है। आगामी 4-5 दिन अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहेगा।
शिमला में ओलावृष्टि-भारी बारिश
हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। शिमला में शुक्रवार सुबह ओलावृष्टि के बाद भारी बारिश हुई। फिलहाल, काले बादल आसमान पर छाए हुए हैं। सोलन और मंडी जिलों में भी भारी बारिश दर्ज की गई। स्थानीय मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा कि बिलासपुर, सोलन, शिमला, सिरमौर, ऊना, हमीरपुर और मंडी जिलों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ एक स्थानों पर भारी बारिश और ओलावृष्टि होने की भी संभावना हैं।
मणिपुर में भारी बारिश
मणिपुर में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के चलते कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र ने अत्यधिक वर्षा, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। तीन जून तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताते हुए लोगों से सतर्क और तैयार रहने की अपील की गई है। इसमें विशेष रूप से बारिश या तेज हवाओं के दौरान यात्रा से बचने, खेतों और नदियों के किनारे जाने जैसी बाहरी गतिविधियों को स्थगित करने और कमजोर ढांचों, बाढ़ संभावित इलाकों, नदियों व ढलानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
मिजोरम में बारिश से भूस्खलन
मिजोरम में लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन हो जाने से आइजोल जिले में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी स्कूल बंद रहे। पहाड़ी राज्य में बुधवार से लगातार बारिश हो रही है। असम और मणिपुर की सीमा के पास आइजोल जिले के मौचर गांव में शुक्रवार को सुबह भूस्खलन के कारण एक इमारत बह गई। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। आईडीएम ने एक जून तक अत्यधिक भारी वर्षा, गरज के साथ तूफान और तेज हवाएं चलने का अनुमान लगाया है।
त्रिपुरा में बारिश से जनजीवन
त्रिपुरा में शुक्रवार को रुक-रुक कर हुई बारिश के चलते सामान्य जनजीवन आंशिक रूप से प्रभावित हुआ। आईएमडी ने राज्य भर में अगले 24 घंटों के दौरान अत्याधिक भारी बारिश और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई है। सेपाहीजाला, पश्चिम और खोवाई जिलों में 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है। बंगाल की उत्तर-पश्चिम खाड़ी में बने गहरे दबाव के चलते शुक्रवार को भी बारिश जारी रहेगी, जैसा कि मौसम विभाग पहले ही अनुमान जता चुका है।
कब जारी होता है ऑरेंज अलर्ट
दरअसल, ऑरेंज अलर्ट तब जारी किया जाता है जब भारी बारिश की आशंका होती है, जो आमतौर पर 24 घंटों के भीतर 115.6 मिमी से अधिक और 204.4 मिमी तक होती है।
