झारखंड में 48 निकायों के लिए आज हो रही है वोटिंग, जानें कब आएगा रिजल्ट

झारखंड के 48 नगर निकायों में सोमवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। राजधानी रांची सहित पूरे राज्य के मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है। हालांकि, गिरिडीह में एक बूथ पर झड़प की घटना सामने आई, जिसे प्रशासन ने समय पर नियंत्रित कर लिया। राज्यभर में 4307 केंद्रों पर मतदान हो रहा है।

झारखंड के 48 नगर निकायों में आज यानी सोमवार 23 फरवरी को नगर सरकार चुनने के लिए मतदान की प्रक्रिया चल रही है। आज सुबह ठीक 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। लंबे अंतराल के बाद हो रहे इन चुनावों को लेकर राज्य की राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही लोग अपने-अपने बूथों पर पहुंचने लगे थे। बता दें कि इस बार मतदान बैलेट पेपर से कराया जा रहा है, जिसके कारण कुछ स्थानों पर मतदान की रफ्तार धीमी देखने को मिल रही है। हालांकि, अधिकांश जिलों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।

Jharkhand voting PTI

झारखंड में निकाय चुनाव के लिए मतदान (फोटो - PTI)

गिरिडीह में वार्ड संख्या 18 स्थित बूथ नंबर 4 पर मतदान के दौरान दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट और पथराव की घटना सामने आई है। आरोप है कि यहां पर कुछ मतदाताओं को जबरन रोकने और धमकाने की कोशिश की गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

End of Feed