Jhansi News: मध्य प्रदेश चुनाव के चलते ट्रेनों में हो रही चेकिंग के दौरान गोंडवाना एक्सप्रेस से लाखों की नकदी बरामद हुई है। ट्रेन की जनरल बोगी में एक युवक करीब 32 लाख रुपये छिपाकर ले जा रहा था, जिसे झांसी जीआरपी और सीआईबी आरपीएफ टीमों ने जांच के दौरान पकड़ लिया। युवक इन रुपये के संबंध में कोई साक्ष्य नहीं दे सका। जिसके बाद जीआरपी झांसी ने रुपये को कब्जे में ले लिया और युवक को भी हिरासत में ले लिया गया। पुलिस को आशंका है कि इन पैसों को एमपी चुनाव में इस्तेमाल करने के लिए ले जाया जा रहा था।
ट्रेन में रेलवे पुलिस ने पकड़े 32 लाख रुपये
आयकर विभाग को सुपुर्द की गई रकम
मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के चलते झांसी जीआरपी और सीआईबी आरपीएफ की टीमें लगातार चेकिंग कर रही हैं। इसी दौरान गोंडवाना एक्सप्रेस में भी चेकिंग की गई। इस ट्रेन की जनरल बोगी में एक व्यक्ति के पास 31,85,000 रुपये नगद बरामद हुए। जब युवक से इस रकम के बारे में पूछताछ की गई तो वो इस संबंध में कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। बिना दस्तावेज इतनी बड़ी रकम ले जाने पर जीआरपी झांसी ने युवक को हिरासत में ले लिया और रकम को अपने कब्जे में लेकर आयकर विभाग के सुपुर्द कर दिया।
भोपाल से दिल्ली जा रहा था युवक
आरोपी युवक से पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वो भोपाल का रहने वाला है। युवक इस रकम को भोपाल से नई दिल्ली लेकर जा रहा था। पुलिस क़ो आशंका है कि बरामद राशि मध्यप्रदेश चुनाव में खपाने के लिए ले जाई जा रही थी।
