भारत-पाकिस्तान टेंशन, शाम होते ही छाया अंधेरा, राजस्थान के इन शहरों में ब्लैकआउट

भारत-पाकिस्तान के मध्य सीजफायर के बावजूद उल्लंघन की आशंका के चलते राजस्थान के जैसलमेर और बाड़मेर जिले में एहतियातन के तौर पर ‘ब्लैकआउट’ कर दिया गया।

पाकिस्तान की तरफ से शनिवार रात संघर्षविराम का उल्लंघन किए जाने के बाद राजस्थान के जैसलमेर और बाड़मेर जिले में रविवार रात को भी एहतियातन ‘ब्लैकआउट’ रहा। बाड़मेर में रात के समय ड्रोन आने की गतिविधि दिखने का अलर्ट भी जारी किया गया। बाड़मेर में ‘ब्लैकआउट’ रविवार रात आठ बजे शुरू हुआ जबकि जैसलमेर में शाम साढ़े सात ही यह लागू कर दिया गया। बाड़मेर में ब्लैकआउट के कुछ समय बाद ही लगभग पौने नौ बजे प्रशासन ने ड्रोन आने की गतिविधि दर्ज होने का अलर्ट जारी किया और लोगों से घरों में रहने की अपील की। हालांकि इसके बाद कुछ नहीं हुआ और इलाके में सुरक्षा बल सतर्क हैं। राजस्थान की पाकिस्तान से लगते जिलों में दिन में हालात जहां सामान्य हो रहे हैं वहीं जैसलमेर व बाड़मेर में प्रशासन ने रविवार की रात भी एहतियातन ‘ब्लैकआउट’ रखने की घोषणा की।

Blackout in Jaisalmer

जैसलमेर और बाड़मेर में ब्लैकआउट

ड्रोन हमले से बढ़ी सतर्कता

जैसलमेर जिला प्रशासन की ओर से जारी सूचना में बताया गया कि एहतियात के तौर पर रविवार को शाम साढ़े सात बजे से अगली सुबह छह बजे तक ‘ब्लैकआउट’ घोषित किया जाता है। सभी अपने घरों और आसपास की लाइटों को बंद रखें। वहीं बाड़मेर जिला प्रशासन ने कहा, “बाड़मेर जिले में वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर रविवार को रात्रि आठ से सोमवार सुबह छह बजे तक ‘ब्लैकआउट’ घोषित किया जाता है। उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान की ओर से गुरुवार और शुक्रवार रात को जैसलमेर व बाड़मेर में पाकिस्तान द्वारा ड्रोन हमले किए गए। भारतीय सशस्त्र बलों ने इन हमलों को हवा में ही विफल कर दिया और किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।

End of Feed