Rajasthan Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: राजस्थान में सर्दी और प्रदूषण का डबल अटैक देखने को मिल रहा है। तापमान में लगातार गिरावट जारी है। जिससे सर्दी अपना जोर दिखा रही है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक लुढ़क गया है। इसके अलावा शुक्रवार को 9 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। तापमान में गिरावट के साथ ही राजस्थान में ठिठुरन बढ़ गई है। साथ ही कई शहरों में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ा हुआ है। जिससे लोगों की सेहत पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है।
राजस्थान में ठंड
अगले 5 दिन राजस्थान का मौसम
आईएमडी के अनुसार राजस्थान में आज पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 दिन श्रीगंगानगर, चुरू, सीकर, हनुमानगढ़ और झुंझनू में सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। 24 नवंबर को भी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। 28 नवंबर तक पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।
माउंट आबू का तापमान सबसे कम
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को राजस्थान में सबसे कम तापमान माउंट आबू में रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अलावा 9 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे लुढ़क गया है। शुक्रवार को सिरोही में न्यूनतम तामपान 7.3 डिग्री, फतेहपुर में 7.4, डबोक में 8.8 डिग्री, सीकर में 8 डिग्री, जालोर में 8.6 डिग्री, चुरू में 9.3 डिग्री, भीलवाड़ी में 9.2 डिग्री और चित्तौड़गढ़ में 9.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान की बात करें तो अभी भी कई जिलों का तापमान 30 से ऊपर है। जैसलमेर का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री, बाड़मेर का 31.2 डिग्री, गंगानगर का 31.2 डिग्री बीकानेर का 31.2 डिग्री, जयपुर में 30.1 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 28.8 डिग्री, सीकर में 27.8 डिग्री और माउंट आबू में 19.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
राजस्थान के इन शहरों में हवा खराब
दिल्ली-एनसीआर के साथ ही राजस्थान की हवा में भी प्रदूषण का जहर घुला हुआ है। यहां कई शहरों का एक्यूआई खराब श्रेणी में है। दिवाली के बाद से प्रदेश में प्रदूषण देखने को मिल रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के समीर ऐप के अनुसार आज सुबह 11 बजे जयपुर का एक्यूआई 237 दर्ज किया गया। इसके अलावा AQI लेवल भिवाड़ी में 250, चूरू में 204, सीकर 201, हनुमानगढ़ में 168, झूंझनूं में 176, भरतपुर में 239, जोधपुर में 197, उदयपुर में 199 और बीकानेर 151 दर्ज हुआ।
