Gurugram Road Accident : हरियाणा के गुरुग्राम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष ओ.पी. धनखड़ के काफिले में शामिल पीसीआर वैन दुर्घटना का शिकार हो गई। ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर होने के कारण इस हादसे में कुल तीन पुलिसकर्मी बुरी तरह से जख्मी हो गए। बताया जा रहा है कि पीसीआर के पीछे चल रही कार में धनखड़ स्वयं मौजूद थे। हादसे में उनकी गाड़ी नहीं टकराई, जिससके कि वे बाल-बाल बच गए। वहीं, पीसीआर वैन के चालक और इंचार्ज को काफी चोटें आई हैं। जिन्हें हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने ये सारी जानकारी मंगलवार को दी।
गुरुग्राम में सड़क हादसा हुआ। (सांकेतिक चित्र)
गलत दिशा में आ रहा था ट्रैक्टर
पुलिस ने मंगलवार को बताया है कि सोमवार रात ओपी धनखड़ गुरुग्राम के एक मांगलिक कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए आए हुए थे। वहां से निकलकर उनके वाहन के आगे कुछ ही दूरी पर उनकी पीसीआर वैन चल रही थी और उसी मार्ग पर ट्रैक्टर चालक कथित तौर पर सड़क की गलत साइड पर आ गया जिससे दुर्घटना हुई। धनखड़ के काफिले में पायलट ड्यूटी पर तैनात प्रदीप कुमार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, यह घटना सोमवार रात करीब दस बजे हिमगिरी चौक के पास हुई। उन्होंने बताया कि टक्कर के बाद ट्रैक्टर पलट गया और पीसीआर वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। शिकायत में ये भी बताया गया कि हादसे में कुल तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
फरार चालक को पकड़ने की कोशिश
प्रदीप कुमार ने बताया है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक घबराकर फरार हो गया। उन्होंने बताया कि वाहन में नंबर प्लेट भी नहीं थी। वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रदीप कुमार की शिकायत के आधार पर मंगलवार को सुबह सेक्टर 10 ए पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 279 (तेजी से गाड़ी चलाना) और 337 (दूसरों की जान को खतरे में डालने या दूसरों की व्यक्तिगत सुरक्षा को नुकसान पहुंचाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। वहीं, पुलिस ने ये भी कहा है कि ट्रैक्टर-टैंकर को जब्त कर लिया गया है और चालक को पकड़ने की कोशिश जारी है।
