Gurugram: गुरुग्राम के प्राचीन शीतला माता मंदिर में 9 मार्च से 6 अप्रैल तक प्रसिद्ध चैत्र मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर के शहरों के अलावा दूसरे राज्यों से भी लाखों भक्त पहुंचते हैं। इस मेले के भव्य आयोजन के लिए माता शीतला देवी पूजा स्थल बोर्ड ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। मेले की तैयारियों की समीक्षा के लिए बोर्ड के मुख्य प्रशासक एवं सोहना के एसडीएम प्रदीप सिंह ने आज मंदिर परिसर में बोर्ड के सदस्यों की एक बैठक बुलाई है। इसकी जानकारी देते हुए एसडीएम प्रदीप सिंह ने बताया कि इस बैठक में भक्तों के लिए सुविधाओं के विकास और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की जाएगी।
प्राचीन शीतला माता मंदिर
एसडीएम प्रदीप सिंह ने बताया कि गुरुग्राम का शीतला माता मंदिर पूरे उत्तर भारत के श्रद्धालुओं में विशेष स्थान रखता है। हर साल आयोजित होने वाले चैत्र मेले में लाखों भक्त आते हैं। इसलिए मंदिर परिसर में और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने पड़ते हैं। शहर के मुख्य आवागमन स्थलों जैसे बस अड्डे, रेलवे स्टेशन से मंदिर तक सुगम आवगमन के लिए बस और ऑटो-टैक्सी का उचित प्रबंध किया गया है। इन जगहों से मंदिर के लिए 24 घंटे परिवहन की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा मंदिर परिसर के आसपास अस्थाई व मोबाइल शौचालयों एवं पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। इन सभी व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों की जिम्मेदारियां सौंपी गई है।
